Breaking News

हाफ डाला की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला की मौत बाइक चला रहा युवक समेत उसकी बहनें हुई घायल

HTN Live


लखनऊ, सं।
फूल का व्यापार करने वाली महिला बेटे के साथ मण्डी फूल खरीदने गयी थी। बेटा बाइक चला रहा था मां अपनी दो बेटियों के  साथ पीछे बैठी थी। तभी वरदानी बाबा मंदिर के पास पहुंचते ही उसकी बाइक पर तेज रफ्तार डाले ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गयी। वहीं युवक व उसकी दोनों बहनें घायल हो गये। जिसे पुलिस ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया, उनका इलाज जारी है। 
दुबग्गा की रहने वाली रुकसाना (40) परिवार संग फूल मण्डी के सोनिया गांधी नगर में झोपड़ीपट्टी बनाकर पति सगीर, बेटा फैजी, बेटी शाहिदा, तान्या, फातिमा के साथ रहती थी। वह फूल बेचने का काम करती थी। सुबह वह बेटे फैजी, बेटी शाहिदा व तान्या के साथ बाइक से फूल खरीदने के लिए दुबग्गा मण्डी गयी थी। बेटी फातिमा व पति सगीर घर पर थे। फूल खरीदने के बाद रुकसाना, बेटे व बेटियों संग घर के लिए निकली। वह जैसे ही वरदानी बाबा मंदिर के पास पहुंची तभी तेज रफ्तार हाफ  डाला ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रुकसाना बच्चों के साथ छिटककर दूर जा गिरी। चीख-पुकार सुनकर लोग एकत्र होते इससे पहले डाला चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से महिला व उसके बच्चों को गम्भीर हालत में ट्रामा सेंटर पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान रुकसाना की मौत हो गयी, जबकि बेटा फैजी, बेटी शाहिदा व तान्या की हालत गम्भीर है। 
नगर निगम के वाहन ने छात्रा को मारी टक्कर
बाराबंकी के सिद्दीकनगर में मंजूर अहमद परिवार संग रहते हैं। वह चकबन्दी में पेशकार हैं, जबकि उनकी पत्नी अलीगंज स्थित एक नर्सिंग होम में कर्मचारी है। उनकी 4 वर्षीय बेटी खुल्दा मंजूर विराजखण्ड गोमतीनगर स्थित एमिटी इन्टरनेशनल स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। वह स्कूल से अपनी एक परिचित के साथ स्कूटी से दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर जा रही थी। तभी महानगर के छन्नीलाल चौराहे पर नगर निगम के ट्रक यूपी 32 एएन 5477 ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी चला रही युवती को मामूली चोटें आयीं, जबकि पीछे बैठी खुल्दा मंजूर गम्भीर रूप से घायल हो गयी। उधर वाहन चालक मौके से भाग निकला। घायल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डाक्टरों ने उसका दाहिना पैर टूट जाने की बात बतायी, जबकि बांये पैर में 18 टांके लगे हैं। साथ रही युवती की तहरीर पर वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। 
जो की चपेट में आकर महिला घायल
गोसाईगंज के संजयनगर मुंशीगंज अमेठी निवासी ममता कोडरा गांव के पास सड़क पार करने का प्रयास कर रही थी, तभी एक अनियंत्रित ट्रक उसे टक्कर मारने के बाद रौदते हुए निकल गया। हादसे में ममता गंभीर रूप से घायल हो गयी। पुलिस ने लोगों की मदद से महिला को पहले स्थानीय सीएचसी में भर्ती 
कराया। जहां डाक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक ट्रक ईंट भट्ठे का है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।

No comments