सूचना के अधिकार पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी का आयोजन
HTN Live
लखनऊ, 12 अक्टूबर 2026। विधिक सहायता केंद्र, विधि संकाय, शिया पीजी कॉलेज, लखनऊ द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रवर्तन दिवस के अवसर पर दो चरणों में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम चरण में “सूचना का अधिकार एवं लोकतंत्र की मजबूती का आधार” विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता तथा द्वितीय चरण में “सूचना के अधिकार की भूमिका: पारदर्शिता और सुशासन” विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विभिन्न सेमेस्टरों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मानसी सिंह (एलएलबी प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, अर्शिया अली (एलएलबी प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा मन्तशा कुरैशी (एलएलबी तृतीय सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निर्णायक मंडल में डॉ. एजाज़ हुसैन, डॉ. छत्रपाल एवं डॉ. प्रीति मिश्रा शामिल रहे। परिणामों की घोषणा डॉ. धर्मेंद्र कुमार एवं डॉ. उग्रसेन वर्मा, उप निदेशक, विधिक सहायता केंद्र ने की। प्रतियोगिता डॉ. वहीद आलम, निदेशक, विधिक सहायता केंद्र के पर्यवेक्षण में संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) एस. सादिक हुसैन आबिदी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं कानूनी जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
द्वितीय चरण में आयोजित संगोष्ठी में डॉ. अजयवीर, सूचना अधिकारी, डॉ. छत्रपाल एवं डॉ. वहीद आलम ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने सूचना के अधिकार को प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम नागरिकों को सरकारी कार्यप्रणाली से संबंधित सूचनाएँ प्राप्त करने का अधिकार प्रदान करता है तथा लोकतंत्र को अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डॉ. वहीद आलम ने इसके संवैधानिक आधार एवं नागरिक सशक्तीकरण में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से विधिक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
संगोष्ठी का संचालन डॉ. वहीद आलम, निदेशक, विधिक सहायता केंद्र ने किया। कार्यक्रम में डॉ. पी. के. गर्ग, डॉ. कमलजीत मणि मिश्रा, डॉ. पुलकित, डॉ. विनय कुमार तिवारी, डॉ. नूरीन जैदी, डॉ. प्रिया सिंह एवं डॉ. प्रीति मिश्रा सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सूचना के अधिकार के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन के महत्व को रेखांकित करना रहा।


No comments