अवधी लोक संस्कृति को सहेजेगी उड़ान संस्था: सरिता सिंह
HTN Live
सुभाष गिरी ब्यूरो प्रमुख सीतापुर
सिधौली, सीतापुर। अवध क्षेत्र की लोक संस्कृति एवं लोक नृत्यों को देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उड़ान नृत्य संस्था द्वारा गांव गांव जाकर लोक नृत्य कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इस क्रम में गुरूवार को रमपुरवा में कार्यशाला आयोजित की गई।
उड़ान नृत्य संस्था की संस्थापिका सरिता सिंह ने बताया कि इन कार्यशालाओं का उद्देश्य .विस्मृत हो रहे लोकगीतों व लोकनृत्यों की समृद्ध विरासत को देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना है। इसी श्रृंखला में गुरूवार को ग्राम रमपुरवा में आयोजित कार्यशाला में अवधी लोक गीतों पर नृत्य की बारीकियाँ बताई गयीं। इस कार्यशाला में करीब 35 महिलाएँ और बच्चियां शामिल हुईं। सोहर गीतों से सम्बन्धित गतिविधियों में नवयुवतियों एवं बच्चों ने बढ़ चढ़ कर भागीदारी की। बालिकाओं ने बहुत ही उत्सुकतापूर्वक नृत्य सीखा तथा और अधिक सीखने की उत्सुकता दिखाई। श्रीमती सिंह ने बताया कि संस्था के द्वारा आयोजित कार्यशालायें आगे भी जारी रहेंगी। इस अभियान से तमाम गाँवों और शहरों को जोड़ा जायेगा ताकि हम लोकगीतों और लोकनृत्यों की अपनी समृद्ध परम्परा को बचा सकें और हमारी सांस्कृतिक पहचान बनी रहे। उन्होंने यह भी बताया कि जिन बच्चों का प्रस्तुतिकरण अच्छा होगा, उन्हें संस्था के प्रस्तावित सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा।

No comments