देश इक्कीसवीं सदी में योगी राज में सिविल डिफेंस 50 साल पीछे
HTN Live.
मोदी जी के नेतृत्व में देश इक्कीसवीं सदी की ओर बढ़ रहा है वहीं योगी राज में सिविल डिफेंस को 50 साल पीछे ले जा रहे हैं। 1971 की जनगणना को आधार मानकर शासन के अधिकारियों के द्वारा लखनऊ के सिविल डिफेंस के नौ प्रखण्डों के साथ पूरे प्रदेश से कई प्रखण्डों को समाप्त कर दिया है। इस सम्बंध में प्रखण्डों के डिवीजनल वार्डनों व वार्डनों को कोई भी पत्र नहीं दिया गया है। यहाँ यह ज्ञातव्य है कि सिविल डिफेंस के वार्डन अवैतनिक रूप से तन-मन-धन से कार्य करते हुए समाज सेवा करते हैं। केन्द्र सरकार के गृह मंत्रालय के मानकों के अनुसार प्रखण्डों की गणना जनसंख्या के आधार पर की जाती है तथा वर्तमान में लखनऊ की आबादी 35 लाख के आसपास है। सिविल डिफेंस के मंत्री स्व. चेतन चौहान जी के द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में सिविल डिफेंस के विस्तार की प्रक्रिया शुरू की थी परन्तु अब जिन जिलों में सिविल डिफेंस है, वहां से भी उसको समाप्त करके योगी सरकार को बदनाम करने की साजिश की गयी है। सिविल डिफेंस के वार्डन विगत कई वर्षों से कानून व्यवस्था, लोकसभा/विधानसभा चुनाव के दौरान दिव्यांग मित्र, यातायात सुगम संचालन, स्वचछता अभियान, किसी भी प्रकार की आपदा जैसे अग्निकांड, बाढ़ आदि में निष्पक्ष रूप से जिला प्रशासन को अतुलनीय सहयोग करते हैं। प्रधानमंत्री माननीय मोदी जी व मुख्यमंत्री माननीय योगी जी ने कोविड-19 के दौरान सिविल डिफेंस के वार्डनों की सेवाएं लेने हेतु आदेशित किया है, परन्तु कोरोना महामारी के दौरान पूरे प्रदेश से सिविल डिफेंस के 220 प्रखण्डों को समाप्त करने के आदेश जारी कर दिये गए हैं जिनमें हजारों की संख्या में अवैतनिक वार्डन कार्यरत हैं। केन्द्र सरकार में उत्तर प्रदेश के 9773 कोरोना योद्धा के रूप में दर्ज हैं।
गोमतीनगर जनकल्याण महासमिति के द्वारा पहले ही मा. प्रधानमंत्री, मा. रक्षामंत्री, मा. केन्द्रीय गृहमंत्री व मा. मुख्यमंत्री जी से लखनऊ के प्रखण्डों की बहाली हेतु आग्रह किया जा चुका है। महानिदेशक, सिविल डिफेंस, नयी दिल्ली के द्वारा प्रमुख सचिव, सिविल श्री राजन शुक्ला व निदेशक, सिविल डिफेंस, उ.प्र. को पत्र लिखकर प्रखण्डों की बहाली हेतु निर्देशित भी किया है।
लखनऊ सिविल डिफेंस के समाप्त किए गए प्रखण्डों के डिवीजनल वार्डनों ने अपने सभी वार्डनों के प्रतिनिधि के रूप में मा. प्रधानमंत्री, मा. रक्षामंत्री, मा. केन्द्रीय गृहमंत्री व मा. मुख्यमंत्री जी के साथ-साथ कैबिनेट मंत्री मा. आशुतोष टण्डन जी, मा. ब्रजेश पाठक जी, सांसद मा. कौशल किशोर जी, विधायक नीरज बोरा जी, सुरेश कुमार श्रीवास्तव जी, अविनाश त्रिवेदी जी को पत्र लिखकर राजाजीपुरम, इन्दिरा नगर, गोमतीनगर, लोहिया नगर, हिन्द नगर, गोमतीनगर विस्तार, चिनहट, बालागंज व वृन्दावन प्रखण्डों की बहाली हेतु अनुरोध किया है। सभी जनप्रतिनिधियों ने माननीय मुख्यमंत्री महोदय से प्रखण्डों की बहाली हेतु अनुरोध भी किया है। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि सिविल डिफेंस के प्रखण्डों को बहाल करने पर सरकार पर किसी भी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा क्योंकि सभी वार्डन अवैतनिक होते हैं।
कृपा शंकर मिश्रा, डिवीजनल वार्डन
सुनील यादव, डिवीजनल वार्डन
सूरज कुमार, डिवीजनल वार्डन
असीम कुमार श्रीवास्तव, डिवीजनल वार्डन
आजाद हफीज, डिवीजनल वार्डन
रूप कुमार शर्मा, डिवीजनल वार्डन
माजिद अली खान, डिवीजनल वार्डन
जितेंद्र सिंह, डिप्टी डिवीजनल वार्डन

No comments