Breaking News

पीएम मोदी के राजीव गांधी पर दिये बयान से जनता नाखुश

HTN Live


राजनीति करो लेकिन किसी मृत इंसान के बारे में बुरा मत कहो

लखनऊ (सं)। चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियां चौथे गियर में आ चुकी है। कभी समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान जया प्रदा पर भद्दे आरोप लगाते हैं तो कभी यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अली और बजरंगबली के नाम पर लोगों को बहकाकर वोट हासिल करने के लिए बयान देते हैं। पांच चरणों में पोलिंग भी हो चुकी है, लेकिन नेताओं की बयानबाजी अभी भी चरम पर है और कोई खुद को किसी से कम साबित नहीं होने दे रहा है। इन्हीं सबके राहुल गांधी के चौकीदार चोर है के बयान के बाद पीएम मोदी ने राहुल पर निशाना साधते हुए उनके पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी तक को भ्रष्टïाचारी बता दिया। इसके बाद तो राजनीतिक जगत में एक भूचाल सा आ गया। पिता के बारे में ऐसी बातों को सुनकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी चुप नहीं बैठी और उन्होंने मोदी की तुलना दुर्योधन से कर डाली। नेताओं की इस बयानबाजी से हालांकि जनता कोई खास खुश नहीं है। नवाबी शहर के लोगों ने नेताओं की इस तरीके की बयानबाजी को पूरी तरह से नकार दी है। लोगों का मानना है कि राजनीति करो,किसी मृत इंसान के बारे में बुरा मत कहो। इस मामले में शहर के लोगों ने अपनी बात रखते हुए पीएम मोदी के बयान को पूरी तरह से गलत बताया। उनका कहना है कि जो भी आरोप प्रत्यारोप लगाने हो वो पार्टी के कार्यों पर लगाये जाने चाहिये न कि किसी ऐसे इंसान पर अंगुली उठानी चाहिये जो इस दुनिया में ही नहीं हो। 

जे पी द्विवेदी ने कहा कि राजीव गांधी ने हमारे देश को कम्प्यूटर दिया। इसके अलावा भी देश के लिए उन्होंने बहुत कुछ किया और यहां तक अपनी जान भी गंवायी। पीएम मोदी और राहुल गांधी दोनों ही को समझना चाहिये कि अगर किसी को गलत कहोगे तो छीटें अपने ऊपर भी आयेंगी। 

रमेश कुमार यादव कहते हैं कि जैसे काम राजीव गांधी ने कर दिये वैसे तो मोदी कभी कर ही नहीं सकते हैं। पीएम मोदी पांच साल जनता के लिए कुछ नहीं करवा पाये। बस चुनाव आते ही वो रैली करके दूसरी पार्टियों के नेताओं के बारे में बुरा बोल रहे हैं। राजीव गांधी के बारे में उन्होंने गलत बातें कहकर उनके प्रशंसकों को आहत किया है और इसका जवाब जनता उन्हें जरूर देगी। 



इज़हार  ने कहा कि आजकल के नेता चुनाव से पहले वादे करते हैं और वो कभी पूरे नहीं होते। पीएम के अलावा सभी नेताओं को मर्यादा में रहना चाहिये। उनकी सोच ऐसी हो कि दूसरे देश के लिए सदाहरण बने न कि किसी पूर्व पीएम पर टिप्पणी करें। राजीव गांधी के बारे में बोलने से पहले उनको सोचना चाहिये कि राजीव गांधी हमारे देश में संचार क्रांति लाने वाले नेता थे। 

रातेन्द्र विक्रांत सिंह ने कहा कि राजनीति करो लेकिन किसी मृत इंसान के बारे में बुरा मत कहो। जो भी आरोप प्रत्यारोप लगाने हो वो पार्टी के कार्यों पर लगाये जाने चाहिये न कि किसी ऐसे इंसान पर अंगुली उठानी चाहिये जो इस दुनिया में ही नहीं हो। देश की राजनीति और यहां के नेता सारे संसकारों को भूल चुके हैं। 

सोनू ने कहा कि राजीव गांधी हो या फिर कोई भी दिवंगत नेता, उसके बारे में बुरा नहीं बोलना चाहिये। हमको बचपन से बताया जाता है कि मृत इंसान चाहे जैसा भी लेकिन उसके बारे में गलत बात और गलत शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिये। लेकिन पीएम मोदी ने राजीव गांधी के बारे में बोलकर सारी सीमाओं को तोड़कर दिया है। जनता सब देख और सुन रही है और इसका जवाब भी देगी। 

विकास राय ने कहा कि राहुल गांधी ने चौकीदार चोर है का नारा लगाया लेकिन किसी विपक्षी पार्टी के दिवंगत बड़े नेता को कभी बुरा नहीं कहा। लेकिन मोदी जी की सरकार और उनकी पार्टी के सारे नेताओं ने अपनी हदों को तोड़ दिया है। नेताओं को अपनी जबान पर लगाम लगानी चाहिये। 
..........................................................

No comments