कार ने मामा-भांजे को मारी टक्कर, दोनों की मौत कैटरिंग का काम कर लौट रहे थे घर
HTN Live
विभूतिखण्ड हाईकोर्ट के पास देर रात हुई घटना
लखनऊ ,12 मई।
विभूतिखण्ड स्थित हाईकोर्ट के पास शनिवार देर रात बाइक सवार मामा और भांजे को तेज रफ्तार अल्टो कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों उछल कर रोड पर जा गिरे। मामा की मौके पर मौत हो गयी जबकि भांजे की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में मौत हो गयी।
हरदोई निवासी 38 वर्षीय खुशी राम कश्यप परिवार संग इंदिरा नगर खड़कपुर इलो में पांच साल से किराये पर रहता था। बताया जाता है कि शनिवार को दोनों की कैटरिंग चिनहट के मल्हौर में थी। रात करीब 1.30 बजे वह काम खत्म कर बाइक से वापस लौट रहे थे। विभूतिखण्ड स्थित हाईकोर्ट के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार आल्टो कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों डिवाइडर से टकराकर रोड पर जा गिरे। हादसे में खुशीराम की मौके पर मौत हो गयी जबकि विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने सूचना पुलिस कंट्रोल रूम केा दी। पुलिस दोनों को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने खुशीराम को मृत घोषित कर दिया, जबकि विनोद को ट्रामा सेंटर रिफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान विनोद की भी मौत हो गयी। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। छानबीन के बाद पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुशीराम के परिवार में पत्नी सोमवती दो बेटियां और तीन बेटे हैं। खुशीराम के साथ रिश्ते में भांजा 35 वर्षीय विनोद कश्यप भी रहता था। विनोद और खुशीराम दोनों मिलकर कैटरिंग का काम करते थे। विनोद के परिवार में उसकी पत्नी बिटोला, दो बेटियां और एक बेटा है। वहीं हादसे के बाद आरोपी आल्टो कार सवार मौके से गाड़ी सहित फरार हो गया। इस संबंध में विभूतिखण्ड थाने में एफआईआर दर्ज की गयी है।

No comments