Breaking News

मेडिकल उपकरण के कारोबार के नाम पर हड़पे 15 लाख दम्पति सहित तीन पर लगा परिचित को ठगने का आरोप

HTN Live


पीडि़त की शिकायत पर गोमतीनगर पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
आरोपियों के खिलाफ पहले से विकासनगर और गाजीपुर थाने में दर्ज है एफआईआर
लखनऊ ,12 मई।
विकासनगर इलाके में रहने वाले दम्पति अभिनेष, नीतू और अभिनेष के भाई राजेश के खिलाफ चौथी एफआईआर गोमतीनगर थाने में दर्ज की गयी है। तीनों ने मिलकर मेडिकल उपकरण के कारोबार के नाम पर अपने एक परिचित को 15 लाख रुपये का चूना लगा दिया। तीनों के खिलाफ पहले से विकासनगर में दो और गाजीपुर थाने में एक एफआईआर दर्ज है। 
गोमतीनगर के विशालखण्ड इलाके में हसीन खान अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि उनकी जान पहचान विकासनगर सेक्टर 6 निवासी अभिनेष से थी। अभिनेष, उसकी पत्नी नीतू और भाई राजेश का उनके घर आना-जाना था। कुछ समय पहले अभिनेष ने हसीन खान को अपने मेडिकल उपकरण के कारोबार के बारे में बताया और इस कारोबार ने मोटे मुनाफे की बात कहते हुए हसीन खान से भी निवेश के लिए कहा। अभिनेष की बातों में फंसकर हसीन खान ने अपने 15 लाख रुपये कारोबार में निवेश कर दिये। हसीन खान का कहना है कि इसके बाद न तो उनको मुनाफे के तौर पर कुछ मिला और न ही उनकी रकम वापस हुई। उन्होंने समय गुजरने के बाद जब अभिनेष से सम्पर्क करने की कोशिश की तो सम्पर्क नहीं हो सका। इसके बाद वह अभिनेष के घर गये तो उसकी पत्नी नीतू और भाई राजेश ने भी कुछ नहीं बताया। हसीन खान अपने रुपये वापसी को लेकर इधर-उधर चक्कर लगाते रहे पर एक रुपये भी उनको नहीं मिले। थक हार कर अब उन्होंने इस संबंध में गोमतीनगर थाने में अभिनेष, उसकी पत्नी नीतू और भाई राजेश के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायी है। आरोपियों के खिलाफ कुछ दिन पहले विकासनगर में दो और गाजीपुर थाने में इसी तरह ठगी करने की एक रिपोर्ट दर्ज की गयी है। 

No comments