नाराज आरएमएस कर्मचारियों का प्रदर्शन एक सप्ताह से जारी हड़ताल की वजह से चारबाग में इधर उधर पड़े हैं डाक
HTN Live
लखनऊ (सं)। रेल डाक सेवा आरएमएस के कर्मचारियों ने सोमवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। दरअसल आरएमएस में प्राइवेट फर्म कर्मचारियों द्वारा डाक की लोडिंग और अनलोडिंग का काम होता है। पिछले चार महीनों से इन कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। इसके चलते कर्मचारी हड़ताल पर चले गये हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि निजी फर्म द्वारा उन्हें तय भुगतान नहीं हो रहा है। वहीं आरएमएस अधिकारियों के मुताबिक छुट्टियों के चलते डाक जमा है।
बता दें कि चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन पर रेल डाक सेवा से ट्रेनों से डाक आते जाते हैं। ट्रेनों तक डाक पार्सल लाने और ले जाने के लिए निजी फर्म की ओर से 400 कर्मचारियों को रखा गया है। इन कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है। भुगतान न होने के चलते कर्मचारियों ने पिछले मंगलवार से ही हड़ताल कर रखी है। इसके चलते चारबाग पर बने आरएमएस व प्लेटफार्म नंबर एक से लेकर सात तक सभी जगह डाक सेवा की डाक इधर उधर पड़ी हुई है। कर्मचारियों के काम न करने पर ठेकेदार बाजार से मजदूर लाकर डाक को ट्रेनों से लाने और पहुंचाने का काम कर रहा है। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि फर्म द्वारा कर्मचारियों को 32 रुपये प्रतिघंटे के हिसाब से 250 रुपये मिल रहे हैं। जबकि फर्म द्वारा कर्मचारियों को 56 रुपये प्रतिघंटे के हिसाब से 450 रुपये देने हैं। कर्मचारियों ने बताया कि उनका पहले का भी बकाया अभी तक नहीं मिला है। जब तक भुगतान नहीं होगा काम पर नहीं लौटेंगे।

No comments