Breaking News

नगर निगम ने चलाया प्रतिबंधित पॉलीथीन अभियान

HTN Live


जब्त की 82 किलोग्राम पॉलीथीन, वसूला 1.75 लाख जुर्माना
लखनऊ। नगर निगम ने शुक्रवार को राजधानी के खास जोनों में प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्घ अभियान चलाया। अभ्यिान के दौरान नगर निगम ने जोन- 1 से जोन-6 तक
82 किलो पॉलीथीन जब्त करते हुए 1.75 लाख जुर्माना वसूला। यह अभियान
एनजीटी की सख्ती के बाद नगर निगम ने सभी जोनों में चलाया। एनजीटी की ठोस कूड़ा प्रबंधन एवं अनुश्रवण समिति से मिली फटकार के बाद नगर निगम ने पॉलीथीन के खिलाफ सभी जोनों में एक साथ अभियान चलाया। लगभग 81.58 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त करने के साथ ही एक लाख 74 हजार 570 रुपये जुर्माना भी वसूल किया। गंदगी फैलाने वालों से 61 हजार 800 रुपये अर्थदण्ड भी वसूल किया गया। अनुश्रवण समिति ने कहा कि जब पॉलीथीन पर प्रतिबंध लग चुका है तो शहर में कैसे बिक्री हो रही है। सभी दुकानों पर धड़ल्ले से प्रतिबंधित पॉलीथीन का इस्तेमाल हो रहा है। अनुश्रवण समिति की बैठक से लौटते ही नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की। सभी जोनों में अभियान चलाने का निर्देश दिया। जोन एक में लालबाग बेलदारी से ओडियन सिनेमा एवं कैंट रोड उदयगंज क्षेत्र में सफाई निरीक्षकों ने अभियान चलाया। लगभग 14 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथीन को जब्त किया गया। दुकानों से नौ हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया है। इसके अलावा गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ  भी 44 लोगों का चालान हुआ। उनसे 53 हजार 100 रुपये अर्थदंड के रूप में वसूला गया। जोन दो में शास्त्री नगर, नादान महल रोड, ऐशबाग क्षेत्र में 1.28 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई। 15 हजार जुर्माना व गंदगी फैलाने वालों से 200 रुपये अर्थदंड वसूला गया। जोन तीन के कपूरथला क्षेत्र में 4.50 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त हुई। 26 हजार रुपये अर्थदंड वसूला गया। जोन चार में मिठाई वाला चौराहा, विजय खंड व पत्रकारपुरम चौराहे के पास अभियान चला। यहां से 24 किलोग्राम पॉलीथीन जब्त करने के साथ ही 51,700 रुपये जुर्माना वसूला। जोन पांच में सब्जी मंडी चंन्दरनगर क्षेत्र में 55 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त हुई। तीन हजार रुपये जुर्माना वसूलने के साथ 500 गंदगी के लिए अर्थदण्ड भी वसूल किया। जोन 6 के अंतर्गत बालागंज चौराहे पर 30 किलोग्राम पॉलीथिन पकड़ी गई। दुकानों से 50 हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूल किये गये। गंदगी फैलाने वालों से 2,500 वसूला गया। जोन 7 के नीलगिरी चौराहा, पॉलिटेक्निक एवं मुंशीपुलिया क्षेत्र में 2.25 किलोग्राम पॉलीथीन की जब्ती व 13,500 जुर्माना वसूला गया। गंदगी पर 5,500 रुपश्े अर्थदंड वसूला। जोन आठ में भी पावर हाउस चौराहा, पराग सब्जी मंडी एवं खजाना चौराहा के आसपास अभियान चला। यहां पर 5 किलोग्राम पॉलीथीन पकड़ी गई। 6,370 रुपये जुर्माना वसूला गया।

No comments