रेलकर्मी अपने व्यवहार से कर सकते हैं अधिकांश समस्याओं का समाधान
HTN Live
डीआरएम कार्यालय में लोको पायलट और गार्डों की मीटिंग सम्पन्न
लखनऊ (सं)। लखनऊ मण्डल के डीआरएम कार्यालय में लोको पायलटों, सहायक लोको पायलटों व गार्ड के लिए रनिंग रूम कमेटी की मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान लोको पायलट और गार्डों की ड्यूटी के दौरान मुख्यालय से बाहर ठहरने के लिए बने हुए रनिंग रूमों की स्थिति की समीक्षा करने व चालक कर्मियों की समस्याओं से अवगत कराया गया। इस मौके पर उत्तर रेलवे के मण्डल रेल प्रबंधक संजय त्रिपाठी ने रनिंग रूम इंचार्जों से चालक व कर्मियों से रनिंग रूम की कंडीशन पर फीडबैक लेने पर जोर दिया ताकि समय समय पर उसकी समीक्षा कर रनिग रूमों को और बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि रेलकर्मी अपने व्यवहार से अधिकांश समस्याओं का समाधान आसानी से कर सकते हैं। प्रथम चरण में मण्डल के रनिग रूमों के सभी कमरों को वातानुकूलित किये जाने पर यूनियन प्रतिनिधियों ने सन्तोष व्यक्त किया। अगले चरण में सभी वाचनालय कक्षों व डायनिंग हॉलों को भी वातानुकूलित किये जाने की तैयारी है। मीटिंग में अपर मण्डल रेल प्रबंधक अमित श्रीवास्तव, वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक अभियंता विपुल कुमार, वरिष्ठ मण्डल संरक्षा अधिकारी एके यादव व अन्य अधिकारियों तथा सभी यूनियन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

No comments