बदमाशों ने युवक को मारपीट कर की लूटपाट शोर मचाने पर मोबाइल साथ ले गये बदमाश
HTN Live
पीडि़त ने बदमाशों को दौड़ाया भी, लोगों ने नहीं की मदद
चिनहट पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
इन्दिरानगर में महिला से लूटी गयी चेन
लखनऊ ,11 मई।
चिनहट इलाके में रहने वाले टाटा मोट्र्स कम्पनी के एक कर्मचारी से तीन बदमाश मोबाइल फोन लूट ले गये। बदमाशों ने पीडि़त से पर्स छीनने की भी कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। पीडि़त ने बदमाशों को शोर मचाते हुए दौड़ाया भी पर लोगों ने पीडि़त की कोई मदद नहीं की और बदमाश भाग निकले। अब इस मामले में चिनहट पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं इन्दिरानगर इलाके में एक बाइक सवार तीन बदमाश अधिवक्ता की पत्नी के गले से सोने की चेन लूट ले गये।
सोनभद्र जनपद निवासी गौरव सिंह चिनहट के देवा रोड स्थित टाटा मोट्र्स में कार्यरत है। गौरव आनंद मोटर के पास बने एक हास्टल में कमरा किराये पर लेकर रहता है। उसका कहना है कि रोज की तरह वह शुक्रवार की रात होटल पर खाना खाने गया था। खाना खाकर वापस लौटते वक्त आनंद मोटर के सामने तीन बदमाशों ने उसको घेर लिया। बदमाशों को देख वह कुछ समझ पाता बदमाश उससेपर्स और मोबाइल फोन छीनने लगे। गौरव ने विरोध किया तो बदमाशों ने गौरव को बुरी तरह पीटा। गौरव ने मदद के लिए शोर मचाया तो बदमाश गौरव का मोबाइल फोन छीनकर भाग खड़े हुए। गौरव ने भी बदमाशों का पीछा किया पर उसका शोर सुन आसपास मौजूद लोगों ने कोई मदद नहीं की और बदमाश वहां से भाग निकले। घटना के बाद गौरव फौरन शिकायत लेकर चिनहट कोतवाली पहुंचा। गौरव की शिकायत के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों को इधर-उधर तलाशा पर कोई पता नहीं चल सका। अंत में चिनहट पुलिस ने इस मामले में गौरव की तहरीर पर मारपीट और लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके अलावा इन्दिरानगर के बसंत विहार कालोनी में अधिवक्ता कृपाशंकर मिश्र अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे वह अपनी पत्नी सीमा के साथ घर के सामने वॉक कर रहे थे। इस बीच एक बाइक सवार तीन बदमाश उनकी पत्नी के गले से एक तोले सोने की चेन छीन ले गये। घटना के बाद दम्पति ने मदद के लिए शोर मचाया पर लोगों के जमा होने से पहले ही लुटेरे भाग चुके थे। सूचना पर पहुंची इन्दिरानगर पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।

No comments