कारोबार में निवेश के नाम पर व्यवसायी से ठगी दम्पति सहित तीन पर लगा आरोप
HTN Live
रुपये वापस मांगने पर मिली धमकी
गाजीपुर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
आरोपियों के खिलाफ पहले से विकासनगर थाने में दर्ज है दो मुकदमे
लखनऊ ,11 मई।
गाजीपुर इलाके में रहने वाले एक कारोबारी ने एक दम्पति सहित तीन लोगों पर पांच लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करायी है। आरोपियों के खिलाफ कुछ दिन पहले विकासनगर थाने में दो लोगों से लाखों रुपये ठगी की भी एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
गाजीपुर के इन्दिरानगर सेक्टर 16 में कारोबारी उपांशु पाण्डेय अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि उनकी जान पहचान विकासनगर निवासी अविनेश श्रीवास्तव, उनकी पत्नी और भाई राजेश श्रीवास्तव से थी। कुछ समय पहले उन लोगों ने कारोबारी से मेडकिल उपकरण के कारोबार में मोटा मुनाफे की बात कहते हुए निवेश की बात कही थी। आरोपियों ने कारोबारी को अपने झांसे में लेकर पांच लाख रुपये ऐंठे थे। रुपये की लेनदेन की लिखापढ़ी भी की गयी थी। समय गुजरने के बाद जब पीडि़त कारोबारी को एक भी रुपये बतौर मुनाफा नहीं मिला तो उसने आरोपियों से सम्पर्क किया। आरोपी पीडि़त को इधर-उधर की बात बताकर टरकाने लगे। धीरे-धीरे समय गुजरता गया तो पीडि़त को शक हुआ। उसने आरोपियों से अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसको झूठा आश्वासन दिया। पीडि़त का कहना है कि इसके बाद वह अविनेश के घर गया तो वहां न अविनेश मिला और न ही उसका भाई राजेश। उनकी मुलाकात अविनेश की पत्नी से हुई। उन्होंने जब अविनेश की पत्नी से अपने रुपये की मांग की तो महिला ने कारोबारी को रुपये भूल जाने की बात कहते हुए झूठे मामले मेें फंसा देने की धमकी दी। यह बात सुन कारोबारी सन्न रह गया। इसके बाद पीडि़त ने सीओ गाजीपुर से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। अब सीओ गाजीपुर के आदेश पर गाजीपुर पुलिस ने आरोपी अविनेश, उसकी पत्नी और भाई के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों के खिलाफ इस तरह ठगी के दो अलग-अलग मामले विकासनगर थाने में भी दर्ज हैं।

No comments