Breaking News

सब-वे निर्माण के चलते 30 मई तक वाराणसी मंडल की ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

HTN Live


लखनऊ (सं)। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में कई रेलखंड पर समपार फाटक को खत्म कर सब-वे का निर्माण कराने जा रहा है। यह काम 19 मई से शुरू होगा। इसके चलते आम्रपाली, पूरबिया, उदयनगर न्यू जलपाईगुड़ी एवं कृषक समेत एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें 30 मई तक प्रभावित रहेंगी। 
जनसम्पर्क अधिकारी पूर्वोत्तर रेलवे ने बताया कि 19 और 25 मई को कटिहार से चलने वाली 15707 आम्रपाली एक्सप्रेस बदले मार्ग सीवान, थावे, कप्तानगंज, गोरखपुर के रास्ते चलेगी। 20 और 25 मई को अमृतसर से चलने वाली 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस बदले मार्ग गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे और सीवान के रास्ते गुजरेगी। 20 मई को आदर्शनगर दिल्ली से चलने वाली 15280 पूरबिया एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे और सीवान के रास्ते चलेगी।  21 मई को आनंद विहार टर्मिनस से चलने वाली 14016 आनंद विहार टर्मिनस रक्सौल एक्सप्रेस बदले मार्ग मऊ और भटनी के रास्ते गुजरेगी। 25 मई को उदयपुर से चलने वाली 19601 उदयपुर न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे और सीवान के रास्ते गुजरेगी। 25 मई को नई दिल्ली से चलने वाली 12554 वैशाली एक्सप्रेस बदले मार्ग गोरखपुर, कप्तानगंज, थावे और सीवान के रास्ते चलेगी। इसके अलावा 21 मई को लखनऊ से 15054 लखनऊ छपरा एक्सप्रेस बलिया तक जायेगी। यह ट्रेन बलिया से छपरा के बीच निरस्त रहेगी। 22 मई को ट्रेन 15053 छपरा लखनऊ एक्सप्रेस छपरा की जगह बलिया से चलकर लखनऊ आयेगी। यह ट्रेन छपरा से बलिया के बीच निरस्त रहेगी। 29 मई को 15008 कृषक एक्सप्रेस लखनऊ से छूटकर भटनी तक जायेगी। यह ट्रेन भटनी से वाराणसी के बीच निरस्त रहेगी। 30 मई को 15007 कृषक एक्सप्रेस वाराणसी सिटी की जगह भटनी से चलेगी और लखनऊ आयेगी। साथ ही 20 मई को नई दिल्ली से चलने वाली 12554 वैशाली एक्सप्रेस वाराणसी मंडल में 45 मिनट रोककर चलायी जायेगी। 21 मई को अजमेर से चलने वाली 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस वाराणसी मंडल में 70 मिनट नियंत्रित कर चलायी जायेगी। 

No comments