अधिकारी कर्मचारी महापरिषद के प्रधान महासचिव चुने गए हरिकिशोर तिवारी
HTN Live
अधिकारी कर्मचारी महापरिषद का महाधिवेशन लोकसभा चुनाव के बाद
संज्ञा शर्मा ब्यूरो प्रमुख
उत्तर प्रदेश अधिकारी कर्मचारी महापरिषद की बैठक बुधवार को अध्यक्ष हरनाम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष हरिकिशोर तिवारी को आगामी महाधिवेशन के लिए महासचिव नियुक्त किया गया। तय किया गया लोकसभा चुनाव के सम्पन्न होने के बाद विधि विधान से महाधिवेशन कराया जाएगा। महाधिवेशन के बाद गठित नई कार्यकारिणी की पहली बैठक में ही प्रदेश के कर्मचारी अधिकारियों की जायज समस्याओ से सरकार को सीधे अवगत कराते हुए समाधान न निकलने पर प्रदेश व्यापी आन्दोलन शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए हरनाम सिंह ने कहा कि जुझारू तेवर देखते हुए हमने सर्वसम्मति से हरिकिशोर तिवारी को महासचिव चुना है। पीसीएस संघ के पूर्व अध्यक्ष और अधिकारी कर्मचारी महापरिषद के संरक्षक बाबा हरदेव सिंह ने कहा कि हरिकिशोर तिवारी के चयन का निर्णय अच्छा है। हम इनके कई आन्दोलन को देख चुके और कई में भागीदारी कर चुके हैं। पुरानी पेंशन बहाली के लिए एक बेहतर आन्दोलन और रास्ता इन्ही के माध्यम से प्रदेश के कर्मचारियों और अधिकारियों को मिला है। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री शिवबरन सिंह यादव, डॉ. सत्येन्द्र कुमार सिंह, राजवर्धन सिंह,भूपेन्द्र वीर सिंह, जीएन सिंह, सादिया बानों, दिवाकर राय, रामराज दुबे, संजीव गुप्ता, मिठाई लाल ने सम्बोधित करते हुए कहा कि अधिकारी कर्मचारी महापरिषद का गठन लगभग दो साल पहले विपरीत परिस्थितियों में किया गया था।
पुरानी पेंशन के अलावा कोई निर्णय स्वीकार नहीं
पुरानी पेंशन बहाली को लेकर लगभग सभी वक्ताओं ने एकराय होकर कहा कि पुरानी पेंशन के अलावा कोई और निर्णय स्वीकार ही नही किया जाएगा। इस बैठक में आनंद प्रताप सिहं, त्रिलोकी प्रसाद यादव, निरमेश कुमार पाण्डेय सहित कई संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

No comments