Breaking News

सड़क हादसों में तीन की मौत आधा दर्जन से ज्यादा घायल

HTN Live


लखनऊ, सं। 
बख्शी का तालाब इलाके में रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह का समय था। एक टैम्पो बीकेटी व इटौंजा से सवारियां लेकर चालक मडिय़ांव जा रहा था। वह जैसे ही सरइयां गांव के पास डिगई क्रॉसिंग के करीब पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैम्पो पलट गया। उसमें सात सवारियां बैठी थीं। हाहाकार मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी लेकिन वो मौके पर नहीं पहुंची। तभी घायलों को पास के अस्पताल पहुंचाया गया। 
नकाब में रही 35 वर्षीय महिला की मौत हो गयी। उसकी देर रात तक पहचान नहीं हो सकी। जबकि हादसे में अमानीगंज निवासी मोहम्मद रइस (45), महोना निवासी हबीबुल रहमान (68), हरीपालपुर निवासी मोहम्मद कलीम (38), उनकी पत्नी तनवीर (30), अजरायमपुर निवासी सावित्री (42) घायल हो गयीं। 
इसके अलावा नंदना गांव बीकेटी के पास अनियंत्रित बस ने टैम्पो में टक्कर मार दी। इस हादसे में चालक अर्जुनपुर निवासी शानू उर्फ समीर (25) की मौके पर ही मौत हो गयी। जबकि दो लोग घायल हो गये। उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। वहीं बीती शनिवार देर रात दामोदरनगर निवासी पंकज, बहनोई दिल्ली निवासी रमेश कुमार (26) के साथ कहीं जा रहे थे। वह जैसे ही ऑटो स्टैण्ड बाराबिरवा चौराहे पर पहुंचे, तभी डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक डीसीएम के अगले पहिये में फंसकर काफी दूर तक घसिटती चली गयी। जिससे रमेश की मौत हो गयी। वह दिल्ली में एक निजी कम्पनी में कर्मचारी थे। उनके साले पंकज को मामूली चोटे आयीं हैं। उधर डीसीएम चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। 
पुलिस के अंदर नहीं रही मानवता
बीकेटी में ट्रक के टैम्पो में टक्कर मारने के बाद राहगीरों ने इसकी सूचना डायल-100 पर दी। उस समय घायल सवारियां तड़प रहीं थीं। पुलिस पहुंची लेकिन वह एम्बुलेंस का इंतजार करती रही। उसने अपनी गाड़ी में घायलों को ले जाना मुनासिब नहीं समझा। 40 मिनट बाद बीकेटी कोतवाली के दारोगा गिरीश यादव पहुंचे, तब वह घायलों को टैम्पो में लादकर शौय्या अस्पताल ले गये। 

No comments