दूध के बकाया रुपये मांगने पर बुजुर्ग दूध विक्रेता की हत्या
HTN Live
प्राइवेट सुरक्षा गार्ड ने सरिये से किया था हमला
पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड को किया गिरफ्तार
इन्दिरानगर इलाके की है घटना
लखनऊ, 7 अप्रैल।
इन्दिरानगर इलाके में दूध के बकाया रुपये मांगे पर एक सुरक्षा गार्ड ने 75 वर्षीय दूध विक्रेता पर सरिये से हमला कर दिया। घायल दूध विक्रेता को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद परिवार के लोग उनको घर ले गये। अचानक तबियत फिर खराब होने पर सेंट मेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने दूध विक्रेता को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है।
इन्दिरानगर के चूरामन का पूरवा गांव में 75 वर्षीय बिहारी यादव अपने परिवार संग रहते थे। बिहारी यादव के घर में दूध ब्रिकी का काम होता है। बेटे नीरज यादव ने बताया कि रोज की तरह शनिवार की सुबह करीब 6 बजे उनके पिता दूध लेकर ऋषि विहार कालोनी गये थे। कालोनी में बाराबंकी के लोनीकटरा निवासी हरदेव बतौर सुरक्षा गार्ड काम करता है। नीरज का कहना है कि हरदेव भी उनके पिता से दूध लेता था। हरदेव के कुछ रुपये बकाया था। इस पर उसके पिता बिहारी यादव ने हरदेव से बकाया रुपये की मांग की। बस यह बात हरदेव को नागवार लगी और वह बुजुर्ग बिहारी यादव से झगडऩे लगा। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गयी कि हरदेव ने बुजुर्ग के सिर पर लोहे की सरिया से ताबड़तोड़ कई वार कर दिये। हमले में बिहारी यादव खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। बिहारी यादव पर हमले की खबर जैसे ही परिवार वालों को मिली वह लोग मौके पर पहुंच गये। फौरन उनको इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के कुछ देर के बाद परिवार के लोग बिहारी यादव को वापस घर ले आये। घर आने के कुछ ही घंटे के बाद फिर से बिहारी यादव की तबियत बिगडऩे लगी। परिवार के लोग उनको इलाज के लिए सेंट मेरी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने बिहारी यादव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार वालों ने सूचना इन्दिरानगगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद बिहारी यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं पुलिस ने उनके बेटे नीरज की तहरीर पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज करते हुए आरोपी सुरक्षा गार्ड हरदेव को भी गिरफ्तार कर लिया।
दूध बासी होने का लगाया था आरोप
बिहारी यादव के परिवार वालों ने बताया कि बकाया रुपये मांगने पर गार्ड हरदेव भड़क उठा। इसके बाद उसने बिहारी यादव को बासी दूध देने का झूठा आरोप लगाते हुए कहासुनी की और फिर आरोपी ने इसी बात को लेकर बिहारी यादव पर सरिया से वार कर दिया।

No comments