लखनऊ जंक्शन की सुरक्षा मजबूत करने के लिए खर्च होंगे आठ करोड़ रुपये सुरक्षा सीसीटीवी से होगी और लगेंगे अंडर व्हीकल सर्विलांस सिस्टम
HTN Live
लखनऊ (सं)। शहर के लखनऊ जंक्शन की सुरक्षा अब पहले से भी ज्यादा मजबूत होगी। रेल प्रशासन ने इसकी कवायद शुरू कर दी है। जंक्शन पर सुरक्षा के लिए अब ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जायेगी तो वहीं ट्रैक के किनारे फेंसिंग बाड़ लगेगी और सीसीटीवी कैमरे चप्पे चप्पे पर नजर रखेंगे।
लखनऊ जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे का पहला स्टेशन होगा जहां ड्रोन से सुरक्षा की जायेगी। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने स्टेशन सिक्योरिटी एक्शन प्लान तैयार किया है। इस पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा स्टेशन पर आर्टीफिशियल इंटेलीजेन्स आधारित कैमरे भी लगेंगे। यह कैमरे गड़बड़ी फैलाने वाले यात्रियों की फोटो खींचकर अलार्म बजा देंगे। जिससे आरपीएफ के जवान कार्रवाई करने के लिए तत्काल मौके पर पहुंच सकेंगे। इतना ही नहीं स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट पर बैगेज स्कैनर, व्हीकल स्कैनर, क्विक रिस्पांस टीम भी लगेगी। स्टेशन से ऐशबाग की ओर ट्रैक किनारे करीब 500 मीटर तक फेंसिंग बनाई जायेगी। जिससे यात्री ट्रैक पार नहीं कर सकेंगे। साथ ही स्टेशन के चारों ओर से दीवार खड़ी कर सुरक्षा बढ़ाई जायेगी। इससे आवारा पशुओं पर भी लगाम
लगेगी। इसके अतिरिक्त स्टेशन पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर एसओपी बनाया गया है। इसमें जीआरपी, जिला प्रशासन, अस्पतालों के सहयोग से आग जैसी आपातकालीन स्थिति में बचाव किया जायेगा। एक्शन प्लान के मुताबिक जंक्शन पर कैब-वे के जरिये यात्री प्लेटफॉर्म तक पहुंचते हैं। यहां पार्सल घर और मवैया की ओर से आने वाली गाडिय़ों की जांच के लिए दो अंडर व्हीकल सर्विलांस सिस्टम यूवीएसएस लगाये जायेंगे। खास बात यह है कि इनमें ऐसे बूमर्स बैरिकेड्स लगाये जायेंगे, जिन्हें स्मार्ट कार्ड से खोला जा सकेगा।
पहले ही शुरू हो चुका है टोकन सिस्टम
पुष्पक एक्सप्रेस की जनरल बोगी में यात्रा करने वालों की सुविधा के लिए बायोमीट्रिक टोकन सिस्टम लगाया गया है। प्लान के मुताबिक हर प्लेटफार्म पर यह सिस्टम लगा है। जिससे अन्य ट्रेनों के जनरल यात्रियों को सीटों की मारामारी से नहीं जूझना पड़ेगा और उन्हें आसानी से बैठने को जगह मिल जायेगी।
पुणे मुंबई की तर्ज पर लगेगी क्यूआरटी
लखनऊ जंक्शन पूर्वोत्तर रेलवे का पहला स्टेशन होगा, जहां क्विक रिस्पांस टीम तैनात होगी। यह पुणे व मुंबई की तर्ज पर होगी और अभ्यास के लिए लगातार मॉकड्रिल भी करती रहेगी।
पार्किंग होगी खत्म, बनेगा ड्रॉप एंड लीव जोन
स्टेशन के सामने गाडिय़ों की पार्किंग है। प्लान के मुताबिक पार्किंग को खत्म कर दिल्ली की तर्ज पर लीव एंड ड्रॉप जोन बनाया जायेगा। जहां अलग अलग लाइनें बनाई जायेंगी और कॉमर्शियल व प्राइवेट गाडिय़ां आकर पैसेंजरों को ड्रॉप या रिसीव कर सकेंगी।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने को स्टेशन सिक्योरिटी एक्शन प्लान बनाया गया है।
इसके तहत जंक्शन को चरणबद्ध ढंग से अत्याधुनिक बनाया जायेगा। स्टेशन की सुरक्षा जहां ड्रोन से की जायेी और वहीं आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस बेस्ड सीसीटीवी कैमरे, बैगज स्कैनर, व्हीकल स्कैनर, बाउंड्री, ट्रैक फेंसिंग का काम होगा। इन सब पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे।
अमित कुमार मिश्र
आरपीएफ कमांडेंट, पूर्वोत्तर रेलवे

No comments