Breaking News

मांगे पूरी न होने पर रोडवेज कर्मचारी खफा

HTN Live

सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ की बैठक
जून में आर-पार की लड़ाई का ऐलान
लखनऊ (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम प्रबंधन के खिलाफ सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। संघ के पदाधिकारियों ने 31 मई तक कर्मचारियों की मांगे पूरी करने का अल्टीमेटम दिया है। यदि इस अवधि में मांगे नहीं पूरी की गईं तो संघ जून के प्रथम सप्ताह में बसों का चक्का जाम करेगा। 
सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ की प्रांतीय बैठक सोमवार को चारबाग बस स्टेशन पर हुई। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर संगठन ने 16 सूत्री एजेंडा तैयार किया। जिसे परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को दिये जाने की सहमति बनी। संगठन ने अपने मांग पत्र में प्रबंध तंत्र को 31 मई तक समस्याओं का समाधान करने का मौका दिया है। समय रहते कर्मचारी हित में निगम प्रबंधक मांगों पर निर्णय नहीं लेता तो जून माह के पहले सप्ताह में मुख्यालय पर प्रदर्शन होगा। इसी दौरान बसों का चक्का जाम करने की तारीख का एलान होगा।
संघ के अध्यक्ष त्रिलोकी व्यास बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 2001 तक के संविदा चालकों व परिचालकों को नियमित किया जाए। न्यायालय के आदेश पर समान कार्य का समान वेतन दिया जाए। संविदा कर्मचारियों के लिए सेवा नियमावली बनाई जाए। सिटी ट्रांसपोर्ट के संविदा कर्मियों को निगम में समायोजित किया जाए तथा नियमित कर्मियों का बकाया डीए, एसीपी, एचआर व सीसीए का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि बीते जून 2018 के बाद संगठन से किसी प्रकार की कोई वार्ता नहीं की गई। जबकि संगठन की ओर से संविदा व नियमित कर्मियों की समस्याओं को लेकर कई बार अवगत कराया। निगम प्रबंधन की इस मनमानी को लेकर रोडवेज कर्मियों में गुस्सा है। 

No comments