Breaking News

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व नाथ संप्रदाय पर अभद्र टिप्पणी पर कांग्रेसी प्रत्याशी पर हुआ एफ आई आर

HTN Live



               रिपोर्ट नागेश्वर सिंह✍️               


गोंडा।  कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विनय कुमार पाण्डेय उर्फ बिन्नू पांडेय के विरूद्ध जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम डॉ नीतिन बंसल के निर्देश पर कोतवाली नगर में केस दर्ज कराया गया है। इसके अलावा चुनाव आयोग को पूरी रिपोर्ट भेजते हुए जिला प्रशासन ने मार्गदर्शन मांगा है। बता दें कि कैसरगंज प्रत्याशी श्री पाण्डेय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध असंसदीय और अशोभनीय टिप्पणी करते हुए तमाम मर्यादा लांघ दी थी। इसके अलावा उन्होने नाथ सम्प्रदाय पर भी बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।भाजपा की ओर से इसकी शिकायत के बाद वीडियो फुटेज देखने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने इसे आचार संहिता का घोर उल्लंघन माना,  व सम्प्रदाय विशेष पर भड़काऊ भाषण व मुख्यमंत्री के विरूद्ध अपमान जनक टिप्पणी का आरोपी पाया। इसे लेकर मंगलवार देर रात कैसरगंज के आर ओ को केस दर्ज कराने के लिए आदेश दिए। जिस पर कैसरगंज आरओ एस एस प्रजापति ने कोतवाली नगर में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कई धाराओं में कांग्रेस प्रत्याशी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने कांग्रेस प्रत्याशी को नोटिस भेजते हुए जवाब तलब भी किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने देर रात बताया कि केस दर्ज कर लिया गया और आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया यदि नोटिस का जवाब नहीं मिलता है तो कांग्रेस प्रत्याशी को आयोग से मार्गदर्शन मिलने के बाद चुनाव प्रचार से रोका भी जा सकता है। बता दें कि बिन्नू पांडेय अब तक दो बार और आचार संहिता के उल्लंघन में फंस चुके हैं। एसपी आरपी सिंह ने बताया कि दर्ज कराए गए केस में गिरफ्तारी की धारा भी लगाई गई है। माना जा रहा है नोटिस का जवाब न देने पर पुलिस बड़ी कार्रवाई कर सकती है।

No comments