किताबों की दुकान में लगी भीषण आग किताबों समेत जले कीमती फर्नीचर व बिजली उकरण
HTN Live
डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने दिखाई सक्रियता
दमकल की तीन गाडिय़ों ने पहुंचकर पाया आग पर काबू
लखनऊ, सं।
पीजीआई इलाके के उतरेठिया शहीद पथ के सर्विस लेन पर स्थित गुप्ता बुक डिपो में रविवार रात लगभग दो बजे शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। गश्त कर रही डायल 100 पेट्रोल कार कर्मियों की सूचना पर पहुंची पीजीआई फायर स्टेशन की तीन गाडिय़ों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था ।
उतरेटिया में शहीद पथ के वृन्दावन योजना सेक्टर 9 की तरफ जाने वाली सर्विस लेन पर स्थित गुप्ता बुक डिपो का संचालन दो सगे भाई अरविंद व परविंदर गुप्ता बीते लगभग एक दशक से कर रहे हैं। पीडि़त अरविंद गुप्ता ने बताया कि शनिवार रात लगभग साढ़े नौ बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे।
डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने दिखाई सक्रियता
रात लगभग दो बजे क्षेत्र में गश्त कर रहे डायल 100 के पुलिस कर्मियों ने दुकान से धुवां निकलता देख पीजीआई फायर ब्रिगेड को दुकान में आग की सूचना दी। सूचना पर तत्काल पहुंची दमकल की तीन गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। दुकान में आग बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से लगी, जिससे दुकान में लगे सेंट्रलाइज्ड एयरकंडीशन सिस्टम लाखों की लागत से बने फर्नीचर के अलावा कापी किताबों समेत लगभग पन्द्रह लाख रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। पीजीआई फायर स्टेशन पर तैनात संतोष कुमार ने बताया कि डायल 100 की सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जिससे आग दुकान की दूसरी मंजिल तक नहीं पहुंची। विलम्ब हो जाने पर कापी किताब बहुत तेजी से जलने लगतीं, जिससे काफी नुकसान होता और आसपास की दुकानों पर आग का प्रभाव पड़ता।

No comments