बाइक सवार लुटेरों ने युवती से लूटा पर्स
HTN Live
पर्स में 10 हजार रुपये, एटीएम कार्ड व अन्य सामान रखा था
गोमतीनगर इलाके की है घटना
लखनऊ, 13 अप्रैल।
गोमतीनगर इलाके में स्कूटी से घर जा रही युवती से बाइक सवार दो लुटेरे पर्स लूट ले गये। पर्स में दस हजार रुपये, एटीएम कार्ड और अन्य सामान रखा हुआ था। फिलहाल पुलिस ने इस मामले में लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गोमतीनगर के विशालखण्ड-4 इलाके में साहिबा बानो अपने परिवार संग रहती हैं। वह गाजीपुर के भूतनाथ इलाके में नौकरी करती हैं। साहिबा का कहना है कि रोज की तरह शुक्रवार की रात करीब सात बजे वह ड्यूटी खत्म करके अपनी स्कूटी से घर जा रही थीं। घर से कुछ ही दूर पहले काले रंग की बाइक सवार दो बदमाश पीछे से उनके कंधे पर टंगा बैग लूट ले गये। घटना के बाद साहिबा ने मदद के लिए शोर भी मचाया पर लोगों के जमा होने से पहले लुटेरे भाग चुके थे। साहिबा के पर्स में 10 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और अन्य सामान रखा था। लूट की सूचना पर पहुंची गोमतीनगर पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली।

No comments