रियल स्टेट कारोबारी के साथ करोड़ों की धोखाधड़ी एमओयू साइन कर कराया काम, भुगतान हड़पा
HTN Live
काफी दबाव पर 1.10 करोड़ रुपये ही मिले
बाकी रुपये मांगने पर कारोबारी को मिली धमकी
पीडि़त ने हसनगंज कोतवाली में दर्ज करायी एफआईआर
लखनऊ, 7 अप्रैल।
हसनगंज के निरालानगर में रहने वाले एक रियल स्टेट कारोबारी को दिल्ली की एक निर्माण कम्पनी ने गुजराज सदन नाम का प्रोजेक्टर बनवाने के नाम पर करीब 3.80 करोड़ रुपये का चूना लगा दिया। रियल स्टेट कारोबारी ने निर्माण का काम तो कराया पर निर्माण काम करने वाली कम्पनी ने कारोबारी को भुगतान नहीं किया। कारोबारी भुगतान के लिए कई बार दिल्ली तक गया पर उसको रुपये नहीं मिले। रियल स्टेट कारोबारी का आरोप है कि अब रुपये मांगने पर उसको धमकी दी जा रही है। फिलहाल पीडि़त कारोबारी की शिकायत पर हसनगंज पुलिस ने निर्माण करवाने वाली कम्पनी के एमडी सहित दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
हसनगंज के निरालानगर सेक्टर सी इलाके में आरसी इंफ्रा डेवलपर्स नाम की रियल स्टेट कम्पनी है। इस कम्पनी के एमडी मुकेश जिंदल हैं। उनका कहना है कि वर्ष 2017 में दिल्ली की यूनिक रियल्टी प्राइवेट लिमिटेड नाम की कम्पनी से उन्होंने गुजरात सदन नाम से एक प्रोजेक्टर तैयार करने का एमओयू साइन किया था। एमओयू साइन होने के बाद उन्होंने यूनिक कम्पनी के खाते में उन्होंने 3.20 करोड़ रुपये ट्रांसफर किये थे। वहीं मुकेश ने यूनिक कम्पनी के एमडी राहुल छाबड़ा और सामीश कुमार को 1.80 करोड़ रुपये नकद भी दिये थे। एमओयू ने तय हुआ था कि यूनिक कम्पनी निर्माण किये गये हर विला में एक करोड़ रुपये मुकेश जिंदल की कम्पनी को देगी। मुकेश का आरोप है कि यूनिक कम्पनी ने तय शर्तो के अनुसार एक भी रुपये नहीं दिये। काफी दवाब डालने पर कम्पनी ने 25-25 लाख के पांच और 30 लाख का एक चेक मुकेश की कम्पनी के नाम पर दिया। मुकेश ने जब चेक को बैंक में लगाया तो चेक बाउंस हो गयी। इस पर उन्होंने यूनिक कम्पनी के मालिकों से बात की तो उन लोगों ने जल्द भुगतान का आश्वासन देते हुए बात को टाल दिया। समय गुजरने के बाद भी मुकेश को रुपये नहीं मिले तो उन्होंने यूनिक कम्पनी पर रुपये के लिए दबाव डालना शुरू किया। मुकेश का कहना है कि काफी दवाब डालने के बाद 1.8 करोड़ रुपये के चेक और 2 लाख रुपये नकद उनको मिले, बाकी 3.80 करोड़ रुपये यूनिक कम्पनी ने अब तक मुकेश को नहीं दिये। अपने रुपये के लिए मुकेश ने कई बार दिल्ली का भी चक्कर लगाया पर कोई हल नहीं हुआ। रियल स्टेट कारोबारी का आरोप है कि अब रुपये मांगने पर उसको जान से मारने की धमकी दी जा रही है। करोड़ों की ठगी का शिकार हुए मुकेश जिंदल ने शनिवार को इस मामले में हसनगंज कोतवाली में यूनिक कम्पनी के एमडी राहुल छाबड़ा और सतीश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाली और धमकाने की रिपोर्ट दर्ज करायी है।

No comments