Breaking News

बकाया 25 रुपये के लिए रेलवेकर्मी ने फेंका खौलता पानी चाय दुकानदार बुरी तरह झुलसा

HTN Live


मलिहाबाद इलाके की है घटना
लखनऊ, 7 अप्रैल।
मलिहाबाद रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान लगाने वाले एक बुजुर्ग को बकाया 25 रुपये रेलवे कर्मचारी से मांगना भारी पड़ गया। आरोपी कर्मचारी ने भट्ठी पर खौल रहे पानी को दुकानदार पर फेंक दिया। इस घटना में बुजुर्ग का शरीर बुरी तरह झुलस गया। अब इस मामले में मलिहाबाद पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रही है। 
मलिहाबाद के अमानीगंज इलाके में 50 वर्षीय वीरेन्द्र अपने परिवार संग रहता है। वह मलिहाबाद रेलवे स्टेशन के पास चाय की दुकान लगाता है। बताया जाता है कि रोज की तरह रविवार की सुबह वीरेन्द्र अपनी दुकान पर मौजूद था। इस बीच रेलवे फाटक केबिन कर्मचारी सुसपेन्द्र वहां पहुंचा। उसने वीरेन्द्र से चाय की मांग की। इस पर वीरेन्द्र ने उससे बकाया 25 रुपये की मांग की। बकाया रुपये मांगने की बात पर सुसपेन्द्र्र भड़क उठा। उसने भट्ठी पर रखे खौलते हुए पानी को उठाकर वीरेन्द्र के ऊपर फेंक दिया। इस घटना में बुजुर्ग दुकानदार का शरीर झुलस गया। अचानक हुई इस घटना से दुकान पर मौजूद लोग सन्न रह गये। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सुसपेन्द्र धमकी देते हुए फरार हो गया। अब इस मामले में पीडि़त ने मलिहाबाद पुलिस से शिकायत की है। इस मामले मेें मलिहाबाद पुलिस ने आरोपी सुसपेन्द्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। 

No comments