पुलिस अभिरक्षा में वारंटी ने काटी हाथ की नस गोसाईगंज पुलिस की अभिरक्षा में कोर्ट पेशी पर आया था
HTN Live
बाथरूम में ब्लेड से काटी हाथ की नस
अभिरक्षा में तैनात हेड कास्टेबिल ने दर्ज करायी रिपोर्ट
लखनऊ, 13 अप्रैल।
वजीरगंज स्थित पेशी पर आये एक वारंटी ने बाथरूम में ब्लेड से अपने हाथ की नस काट ली। वारंटी के नस काटते ही वहां मौजूद पुलिस वालों के होश उड़ गये। आनन-फानन में घायल वारंटी को इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब इस मामले में वारंटी की अभिरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबिल ने वजीरगंज कोतवाली में एफआईआर दर्ज करायी है।
इंस्पेक्टर गोसाईगंज ने बताया कि गोसाईगंज के माठरमऊ गांव निवासी रामखिलावन के खिलाफ वर्ष 2013 में 382ण् 511 का एक आपराधिक मामला दर्ज है। इस मामले में कोर्ट ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। बीते 11 अप्रैल की रात वारंटियों के खिलाफ चलाये गये एसएसपी के अभियान के तहत गोसाईगंज पुलिस ने वारंटी रामखिलावन को भी गिरफ्तार किया था। गुरुवार को रामलिखावन को हेड कांस्टेबिल रमेश कुमार और सिपाही शिवकरन की अभिरक्षा में पेशी के लिए कोर्ट भेजा गया था। कोर्ट में पेशी के दौरान वारंटी रामखिलावन ने पेशाब करने की बात कही। इस पर अभिरक्षा में तैनात पुलिस वाले उसको कोर्ट परिसर में बने बाथरूम लेकर गये। अंदर जाने के बाद रामखिलावन ने ब्लेड से अपने बांये हाथ की नस काट ली। कुछ देर के बाद जब वह बाहर नहीं निकला तो हेड कांस्टेबिल और सिपाही बाथरूम के अंदर पहुंचे। अंदर का मंजर देख वह लोग सन्न रहे गये। रामखिलावन के हाथ से खून बहन रहा था। अचानक हुई इस घटना से वहां हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में अभिरक्षा में तैनात पुलिस वालों ने रामखिलावन को फौरन इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। अब इस मामले में अभिरक्षा में तैनात हेड कांस्टेबिल रमेश कुमार ने वारंटी रामखिलावन के खिलाफ वजीरगंज कोतवाली में आत्महत्या के प्रयास के तहत रिपोर्ट दर्ज करायी है।

No comments