दो मकानों मेें लाखों की चोरी
HTN Live
नकदी और जेवरात उठा ले गये चोर
हसनगंज इलाके की है घटना
लखनऊ, 12 अप्रैल।
हसनगंज इलाके में एक घर में खिड़की का जाल काटकर घुसे चोर लाखों रुपये नकद चोरी कर ले गये। घटना के वक्त परिवार के लोग घर में सो रहे थे और उनको चोरी का पता नहीं चल सका। वहीं इसी इलाके में एक बंद घर पर चोरों ने धावा बोला और नकदी, जेवरात सहित अन्य सामान उठा ले गये। दोनों की घटनाओं के संबंध में हसनगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
हसनगंज के त्रिवेणीनगर प्रथम इलाके में राजीव गर्ग अपने परिवार संग रहते हैं। बताया जाता है कि बीते 10 अप्रैल की रात वह अपनी पत्नी तृप्ती और बच्चों के संग सो रहे थे। इस बीच चोर कमरे में लगी खिड़की का जाल काटकर अंदर घुसे और राजीव और उनकी पत्नी तृृप्ति के पर्स में रखे करीब दो लाख रुपये और तीन मोबाइल फोन उठा ले गये। सुबह जब परिवार के लोग सोकर उठे तो उनको चोरी का पता चला। राजीव की पत्नी ने फौरन सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंची हसनगंज पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं हसनगंज के खदरा पाठक वली गली में मोहम्मद शकील अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि बीते 17 मार्च को उनके ससुर का देहांत हो गया था। इस पर वह परिवार संग अपनी ससुराल बलरामपुर गये थे। बीते पांच अप्रैल को जब वह लोग वापस लौटे तो देखा कि घर पर लगा ताला टूटा था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर घर से 10 हजार रुपये, जेवरात सहित अन्य सामान चोरी कर ले गये थे। शकील ने फौरन सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी। शकील ने तहरीर पुलिस को दी पर पुलिस ने पांच दिनों के बाद इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की।

No comments