सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 9.59 लाख की ठगी
HTN Live
न तो नौकरी मिली और न ही रुपये वापस हुए
रुपये वापस मांगने पर पीडि़त को मिली धमकी
चिनहट पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
लखनऊ, 6 अप्रैल।
सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 9.59 लाख रुपये दो भाइयों ने ऐंठ लिये। रुपये लेने के बाद भी आरोपियों ने युवक को नौकरी नहीं दिलायी। इस पर युवक ने जब अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसको धमकी दी। अब इस मामले में पीडि़त युवक ने चिनहट कोतवाली में एफआईआर दर्ज करायी है।
आजमगढ़ जनपद निवासी अजीत कुमार चिनहट के भारतीपुरम कालोनी में रहता है। अजीत का कहना है कि उसके के ही गांव के पास शिवम सिंह भी रहता है। दोनों के बीच अच्छी जान पहचान थी। शिवम और उसके चचेरे भाई अम्बेडकरनगर जनपद निवासी सौरभ सिंह ने कुछ समय पहले बताया कि वह लोग सचिवालय में नौकरी दिला सकते हैं। सचिवालय में नौकरी दिलाने के एवज में शिवम और सौरभ ने अजीत से रुपये की मांग रखी। जान पहचान की वजह से अजीत उनकी बातों में आसानी से आ गया। इसके बाद अजीत ने दो लाख रुपये चेक और 7.59 लाख रुपये नकद दिये। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने एक माह के अंदर अजीत को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया। एक माह का समय गुजरने के बाद भी अजीत को नौकरी नहीं मिली। इस पर अजीत ने शिवम और सौरभ को फोन कर अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उसको धमकी दी। अजीत का कहना है कि कुछ दिन पहले आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ उसके कमरे पहुंचे और रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। नौकरी के नाम पर अपने साथ हुई लाखों की इस ठगी के मामले में अब पीडि़त अजीत सिंह ने चिनहट पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल चिनहट पुलिस ने इस मामले में सौरभ और शिवम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
No comments