Breaking News

तीन मकानों का ताला तोड़कर लाखों की चोरी नकदी ,जेवरात व घरेलू सामान उठा ले गये चोर

HTN Live


लखनऊ, जानकीपुरम इलाके में चोरों ने एक शिक्षक के घर को निशाना बनाया और चार लाख के जेवरात सहित नकदी चोरी कर ले गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने फिंगर प्रिंट यूनिट को छानबीन के लिए बुलाया और पीडि़त की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली। इसके अलावा इन्दिरानगर इलाके में एक बंद मकान का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और घरेलू सामान चोरी कर ले गये। पीडि़त की शिकायत पर इन्दिरानगर पुलिस ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं सेक्टर 12 में एक मकान का ताला तोड़कर चोर नकदी और जेवरात चोरी कर ले गये। 
जानकीपुरम सेक्टर 2 निवासी शैलेश गुप्ता एक सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। शैलेश ने बताया कि सोमवार की रात करीब 8 बजे वह सपरिवार अपने मित्र के घर आलमबाग गये थे। रात करीब 12 बजे वापस घर लौटने पर गेट का ताला खोलकर अंदर गये तो देखा कि कमरे व अलमारियों के भी ताले टूटे हुए थे और सारा सामान बिखरा हुआ था। चोर उनके घर से करीब चार लाख रुपये कीमत क जेवर समेत 42 हजार रुपये चोरी कर ले गये थे। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंच गयी। छानबीन के बाद पुलिस ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने छानबीन के लिए मौके पर फिंगर प्रिंट यूनिट को भी बुला लिया। वहीं इन्दिरानगर के तकरोही इलाके में निशांत पाण्डेय अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले वह पूरे परिवार संग एक शादी में शामिल होने के लिए मेघालय गये थे। दो दिन पहले वह मेघालय से वापस जब अपने घर लौटे तो देखा कि मकान में लगा ताला टूटा था और सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोर उनके घर से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात सहित अन्य घरेलू सामान चोरी कर ले गये थे। निशांत ने घर में हुई चोरी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर पहुंची इन्दिरानगर पुलिस ने छानबीन के बाद निशांत की शिकायत पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। गोण्डा निवासी राजेश कुमार पाण्डेय इन्दिरानगर के सेक्टर 12 इलाके में किराये के मकान में रहते हैं। 8 फरवरी को वह एक शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव परिवार संग गये थे। सोमवार को उनका साला उनके घर से कुछ सामान लेने के लिए पहुंचा तो देखा कि घर पर लगा ताला टूटा है और सारा सामान बिखरा था। चोर घर से 40 हजार रुपये नकद और जेवरात चोरी कर ले गये थे। सूचना पर पहुंची इन्दिरानगर पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। 

No comments