बैंक के अंदर से फौजी के दो लाख रुपये चोरी बैग काटकर चोरी किये गये रुपये
HTN Live
फौजी ने एक युवती पर लगाया चोरी का आरोप
लखनऊ, फरवरी कैण्ट इलाके में बैंक से होम लोन के रुपये निकालने पहुंचे एक फौजी के बैग से 2 लाख रुपये चोरी कर लिये गये। चोरी की घटना फौजी के साथ बैंक के अंदर ही हुई। घटना के वक्त वह अपनी पासबुक प्रिंट करा रहा था। फौजी ने अपने पीछे लाइन मेें लगी एक युवती पर चोरी का शक जताया है। फिलहाल कैण्ट पुलिस ने इस मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बिहार निवासी कौशल किशोर सेना में कार्यरत हैं। मौजूदा समय में वह पीजीआई के राजीवनगर इलाके में रहते हैं। कौशल किशोर ने बताया कि सोमवार की दोपहर वह कैण्ट स्थित स्टेट बैंक अपने खाते में आये होम लोन के 2 लाख रुपये निकालने पहुंचे थे। उन्होंने सबसे पहले अपने खाते से दो लाख रुपये निकाले। इसके बाद उन्होंने रुपये को अपने बैग में रख लिया। रुपये रखने के बाद कौशल किशोर पासबुक इंट्री की लाइन में लग गये। कौशल किशोर ने बताया कि पासबुक इंट्री की लाइन काफी लम्बी थी। कुछ इंतजार के बाद उनका नम्बर आया। उन्होंने अपनी पासबुक अपडेट करायी और फिर बैग खोल कर पासबुक रखने लगे। बैग खोलने पर कौशल किशोर को उसमें रखे 2 लाख रुपये गायब मिले। रुपये गायब देख उनके पैरो तले जमीन खिसक गयी। उन्होंने इधर-उधर काफी तलाशा पर कोई पता नहीं चल सका। कुछ देर के बाद उन्होंने जब बैग चेक किया तो पता चला कि बैग के ऊपरी हिस्सा कटा हुआ था और बैग काटकर रुपये निकाले गये थे। पीडि़त फौजी ने फौरन सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। मौके पर कैण्ट पुलिस भी पहुंच गयी। छानबीन के बाद पुलिस ने फौजी की शिकायत पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीडि़त ने बताया कि जिस वक्त वह पासबुक में इंट्री की लाइन में लगा था एक युवती भी उसके पीछे लगी थी, जबकि लाइन पुरुषों की थी। उनके पासबुक अपडेट करने के बाद युवती भी गायब हो गयी। फिलहाल कौशल किशोर ने लाइन में पीछे लगी युवती पर ही चोरी का शक जताया है।
No comments