मुख्तार अंसारी के नाम पर मांगी गयी 50 लाख की रंगदारी रुपये न देने पर पीडि़त को मिली धमकी
HTN Live
एसएसपी से मिलकर पीडि़त ने की शिकायत
अमीनाबाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
लखनऊ, 21 फरवरी।
अमीनाबाद इलाके में रहने वाले एक कॉल सेंंटर कर्मी से मुख्तार अंसारी के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गयी। रुपये न देने पर पीडि़त को जान से मारने की धमकी भी दी गयी। इस मामले में पीडि़त ने एसएसपी से मिलकर मामले की शिकायत की। बुधवार को अमीनाबाद पुलिस ने इस मामले में रंगदारी और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
अमीनाबाद के बारूदखाना स्थित अवध अपार्टमेंट में साहिल अनवर फातिमी अपने परिवार संग रहते हैं। वह एक कॉल सेंटर में काम करते हैं। उनका कहना है कि चंद रोज पहले वह अपने घर से दफ्तर जा रहे थे। इस बीच एक युवक उनके पास पहुंचा और मोबाइल फोन पकड़कर बात करने के लिए कहा। साहिल ने जब फोन पर बात की तो फोनकर्ता ने अपना परिचय मुख्तार अंसारी के साथी के रूप में दिया और साहिल अनवर से 50 लाख रुपये की मांग की। फोनकर्ता ने साहिल को उसके और उसके परिवार के बारे में पूरी जानकारी होने की बात भी कही। साथ ही फोनकर्ता ने इस बात की भी धमकी दी कि अगर रुपये नहीं मिले तो उसके और उसके परिवार के लिए अच्छा नहीं होगा। फोन पर बातचीत कराने के बाद फोन लेकर आया युवक मोबाइल लेकर चला गया। साहिल अनवर का कहना है कि उन्होंने इस घटना को महज शरारत मानी और ध्यान नहीं दिया। साहिल का कहना है कि इस बीच वह किसी काम से शहर से बाहर गये थे तो एक अनजान व्यक्ति उनके घर तक पहुंच गया और उनके बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की। साहिल जब वापस घर लौटे तो परिवार वालों को इस बारे में उनको बताया। इसके बाद साहिल को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने फौरन इसकी शिकायत एसएसपी से मिलकर की। फिलहाल इस मामले में अमीनबाद पुलिस ने बुधवार को रंगदारी मांगने और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीडि़त साहिल अनवर का कहना है कि रंगदारी मांगने वाले शख्स ने अपना नाम शकील हैदर बताया था। फिलहाल इस बारे में इंस्पेक्टर अमीनाबाद का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
No comments