फ्लैट खरीदने वालों के लिए ऑफर
HTN Live
45 दिन में एकमुश्त भुगतान पर 5 प्रतिशत की छूट
लखनऊ। आवास विकास परिषद नौ योजनाओं में बिना बिके पड़े फ्लैटों को बेचने के लिए अब ऑफर लेकर आई है। विकास प्राधिकरणों की तरह परिषद में भी 45 दिन में संपत्ति का पूरा भुगतान करने पर पांच फीसदी की छूट मिलेगी।
आवास विकास की संपत्तियों पर यह छूट पूरी कीमत पर होगी। आवास आयुक्त अजय चौहान ने बताया कि प्रदेश में 11,178 फ्लैट नहीं बिना बिके हैं। इनकी कीमत करीब 3589 करोड़ रुपये है। इनमेें लखनऊ के करीब 2700 फ्लैट है। सचिव विशाल भारद्वाज ने बताया कि अभी तक आवास विकास परिषद में विकास प्राधिकरणों की तरह छूट की यह सुविधा लागू नहीं थी।
वहीं सरकारी संस्थानों को कई फ्लैट एक साथ खरीदने पर एकमुश्त भुगतान पर पांच प्रतिशत की छूट या फिर 15 प्रतिशत कीमत देकर बाकी 85 प्रतिशत को मय ब्याज 10 साल की छमाही किस्तों में भुगतान करने की सुविधा का विकल्प होगा।
दिव्यांगों के लिए अब आवास विकास पांच फीसदी संपत्तियां आरक्षित रखेगा। अब तक तीन फीसदी संपत्तियां ही दिव्यांगों के लिए आरक्षित होती थीं। वहीं भूतपूर्व सैनिक और उनके आश्रितोंं को सभी श्रेणी में तीन प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण मिलेगा। इसके लिए प्रदेश सरकार से शासनादेश भी हो चुका है।

No comments