पुलिसकर्मी बन टप्पेबाजों ने दो महिला को ठगा जेवरात लेकर थमा दिया पत्थर
HTN Live
लखनऊ, 22 जनवरी।
इन्दिरानगर इलाके में पुलिसकर्मी बन दो टप्पेबाज एक महिला से जेवरात ले उड़े। आरोपियों ने चेकिंग के नाम पर महिला को जेवरात की जगह पत्थर लपेट कर थमा दिया और गायब हो गये। टप्पेबाजी का शिकार हुई महिला ने इस संबंध में इन्दिरानगर थाने में एफआईआर दर्ज करायी है। इसी तरह गाजीपुर इलाके में टप्पेबाज एक महिला से पुलिसकर्मी बन जेवरात ऐंठ ले गये।
इन्दिरानगर के सेक्टर 11 इलाके में रमावती देवी अपने परिवार संग रहती हैं। उनका कहना है कि 20 जनवरी की दोपहर वह घर से किसी काम से निकली थीं। एमआरएफ टायर शोरूम के पास दो युवकों ने उनको रोक लिया। दोनों खुद को पुलिस वाला बताते हुए चेकिंग की बात कहते हुए रमावती से पहने हुए सारे जावरेत उतारने की बात कही। युवकों को पुलिस वालेे समझ रामावती ने सारे जेवरात उतार दिया। इस बीच दोनों युवकों ने रमावती से जेवरात अपने हाथ में ले लिये और कागज में लपटने लगे। इस बीच टप्पेबाजों ने रमावती के जेवरात गायब कर कागज में पत्थर लपेट कर थमा दिये और गायब हो गये। कुछ देर के बाद रमावती ने कागज खोलकर देखा तो कागज में जेवरात की जगह पत्थर रखा था। रमावती ने इसके बाद दोनों टप्पेबाजों को इधर-उधर तलाशा पर कोई पता नहीं चल सका। रामवती ने इस बारे में अपने परिवार वालों को बताया। मंगलवार को इस मामले में इन्दिरानगर पुलिस ने रमावती की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली। इसके अलावा गाजीपुर के कुर्मांचलनगर इलाके में गोपाल सिंह बिष्ट अपने परिवार संग रहते हैं। उनका कहना है कि मंगलवार को उनकी पत्नी निर्मला बिष्ट भूतनाथ मंदिर से वापस घर लौट रहीं थीं। इस बीच एक युवक उनके पास पहुंचा और बताया कि पुलिस वाले आप को बुला रहे हैं। इस पर निर्मला युवक के साथ उस व्यक्ति के पास पहुंची जो खुद को पुलिस वाला बता रहा था। उसने सादे कपड़े पहन रखे थे। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले टप्पेबाज ने निर्मला को बताया कि रात को लूट के दौरान एक महिला की हत्या कर दी गयी है। ऐसे में उनको इस तरह जेवरात पहनना ठीक नहीं है। उसने निर्मला से सोने की चूड़ी और अंगूठी उतारने के लिए कहा। टप्पेबाज को पुलिस वाला समझ निर्मला ने चूड़ी और अंगूठी उतार दी। इस पर आरोपी युवक ने चूड़ी और अंगूठी अपने हाथ में लेकर एक कपड़े में लपेट कर निर्मला की शाल में बांध दी। साथ ही उसने निर्मला से कान में पहने सोने के फूल भी उतराने की बात कही और वहां से चला गया। कुछ देर के बाद निर्मला ने शाल में बंधा कपड़ा खोला तो कपड़े में प्लास्टिक की चूडिय़ां रखी थीं। यह देख निर्मला सन्न रह गयीं। उन्होंंने इस बारे में पास में ही मौजूद एक पान दुकानदार को बताया। इस पर दुकानदार ने निर्मला को टप्पेबाजी का शिकार होने की बात बतायी। निर्मला घर पहुंची और सारी बात परिवार वालों को बतायी। इस मामले में अब निर्मला के पति ने गाजीपुर थाने में एफआईआर दर्ज करायी है।

No comments