ड्रोन कैमरों से रखी जायेगी नजर
HTN Live
लखनऊ, सं।
एसएसपी लखनऊ कलानिधि नैथानी ने आगामी 26 जनवरी को दृष्टिगत रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये हैं।
जनपद के सभी होटल, ढाबा मालिकों के साथ बैठक कर ली गई है तथा वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक कर लिया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और तुरंत कार्रवाई की जा सके। शहर के प्रमुख स्थानों मॉल, बाजार, रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे तथा बीडीएस की टीम व इंटेलिजेंस के लोगों को तैनात किया गया है। परेड के पूरे एरिया को 3 जोन व 5 सेक्टरों में बांटा गया, परेड के दौरान अभिसूचना विभाग को तैनात किया जाएगा तथा आसमान से परेड की निगरानी ड्रोन कैमरों द्वारा की जायेगी। सुरक्षा व्यवस्था में 20 राजपत्रित अधिकारियों सहित 1000 से अधिक पुलिस आरक्षी को लगाया जाएगा, जो पूरे जोन से लगेंगे।
गणतंत्र दिवस पर रहेगी कड़ी सुरक्षा : एसएसपी
एसएसपी कलानिधि नैथानी मुताबिक अभी से बाजारों, प्रमुख प्रतिष्ठानों के अलावा रेलवे स्टेशन व बस अड्डों तथा विधानसभा के आसपास हर समय चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही इमारतों की छतों पर भी पैनी निगाह रखने के साथ अत्याधुनिक असलहों से लैस जवानों को भी तैनात किया जायेगा।
एसएसपी का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर मातहतों को कई बिंदुओ पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, और सादी वर्दी में जवानों को तैनात किया जायेगा। अधिसूचना ईकाई के जवान भी संदिग्ध लोगों पर नजर रखेंगे। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 26 जनवरी पर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों के संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश सिंह (ओपी सिंह) ने शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इस बैठक में एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे थे।

No comments