चाकू मार नकाबपोश बदमाशों ने छीनी कार
HTN Live
घायल पीडि़त की तहरीर के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
लखनऊ, सं।
गोसाईंगंज इलाके के शहीद पथ पर स्टेडियम के पास नकाबपोश बदमाशों ने बुधवार शाम युवक को चाकू मारकर विटारा ब्रिजा कार लूट ली। घायल युवक को पुलिस लोहिया अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस लेनदेन और पारिवारिक विवाद में वारदात की आशंका जताकर छानबीन कर रही है।
पुलिस के मुताबिक खुर्रमनगर निवासी वीरेंद्र कुमार अपनी महिला मित्र रितू तिवारी को कार चलाना सीखा रहे थे। वह फैजाबाद रोड होते हुए शाम करीब चार बजे शहीद पथ पर स्टेडियम के पास पहुंचे थे। वीरेंद्र ने पुलिस को बताया कि स्टेडियम के पास पल्सर बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। वह जैसे ही कार से बाहर आए बदमाशों ने हमला कर दिया। उनके पेट में चाकू मारकर रितू को गाड़ी से नीचे उतारा और कार लूटकर फरार हो गए। कार में लैपटॉप और जरूरी कागजात रखे थे। एएसपी ग्रामीण विक्रांत वीर सिंह का कहना है कि शुरूआती जांच में सामने आया कि वीरेंद्र की कार का लोन सात लाख रुपये है। इस रकम को लेकर उनका कुछ लोगों विवाद चल रहा है। इसके अलावा महिला मित्र की वजह से परिवार में आए दिन झगड़ा होता है। आशंका है कि इन्हीं विवादों के चलते वारदात को अंजाम दिया गया होगा। फिलहाल चश्मदीद रितू तिवारी को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

No comments