Breaking News

चाय दुकानदार ने की पत्नी की गला कसकर हत्या तीन माह पहले हुई थी दोनों की कोर्ट मैरिज

HTN Live


दहेज में बाइक की मांग कर रहा था पति
गोसाईगंज इलाके की है घटना
लखनऊ, 22 जनवरी। 
गोसाईगंज इलाके में एक चाय दुकानदार ने अपनी पत्नी की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपनी सास को फोन कर पत्नी की हत्या की खबर दी और भाग निकला। विवाहिता की मां मौके पर पहुंची और सूचना पुलिस को दी। छानबीन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपी दुकानदार के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। 
गोसाईगंज के दखिनवारा गांव निवासी रामवती देवी ने तीन माह पहले अपनी बेटी 26 वर्षीय रूमी की शादी उन्नाव जनपद निवासी दिनेश के साथ कोर्ट में की थी। शादी के बाद रूमी अपने मायके में रह रही थी। दो माह पहले दिनेश ने रसूलपुर गांव में चाय और समोसे की दुकान खोली और रूमी को अपने साथ ले गया। इसके बाद दिनेश रूमी पर अपने घर चलने के लिए दबाव बनाने लगा। इस पर रूमी ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया। आरोप है कि दिनेश रूमी से अपनी मां से दहेज के नाम पर बाइक की मांग भी कर रहा था। मांग पूरी न होने पर आरोपी रूमी के साथ मारपीट भी करने लगा। दहेज में बाइक की मांग पूरी न होने से भटके दिनेश ने सोमवार की देर रात रूमी की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। 
सास को फोन कर हत्या की बात बतायी
रूमी की हत्या करने के बाद आरोपी दिनेश ने अपनी सास रामवती देवी को फोन किया। आरोपी ने सास को फोन पर बताया कि उसने रूमी की हत्या कर दी है। बेटी की हत्या की खबर मिलते ही रामवती परिवार के अन्य लोगों के साथ जब मौके पर पहुंची तो देखा कि बेटी मृत पड़ी थी और आरोपी दिनेश गायब था। रामवती ने फौरन सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पाकर मौके पर गोसाईगंज पुलिस भी पहुंच गयी। छानबीन के बाद गोसाईगंज पुलिस ने रूमी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। 
सास ने दामाद के खिलाफ दर्ज करायी एफआईआर
नवविवाहिता रूमी की हत्या के मामले में उसकी मां रामवती ने अब आरोपी दिनेश के खिलाफ दहेज हत्या और दहेज उत्पीडिऩ की धाराओं में एफआईआर दर्ज करायी है। वहीं गोसाईगंज पुलिस ने घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी दिनेश की तलाश में लगी है।

No comments