Breaking News

इनाम में सफारी गाड़ी को लालच देकर सिपाही से ठगी

HTN Live



रजिस्ट्रेशन, जीएसटी व स्टेट चार्ज के नाम पर ऐंठ गये 1.03 लाख रुपये
पीडि़त सिपाही ने जानकीपुरम थाने में दर्ज करायी रिपोर्ट
लखनऊ, 22 जनवरी।
जानकीपुरम इलाके में रहने वाले बीकेटी थाने के एक सिपाही को ऑनलाइन शापिंग करना महंगा पड़ गया। जालसाज ने ऑनलाइन शापिंग के दौरान लकी ड्रा में टाटा सफारी का झांसा देकर सिपाही से 1.03 लाख रुपये ऐंठ लिये। जालसाजों ने रजिस्ट्रेशन, जीएसटी व स्टेट चार्ज के नाम पर रकम खाते में जमा करायी। उसके बाद मीडिया सम्मेलन में इनाम राशि देने का झांसा देकर और मांग की तो पीडि़त का माथा ठनका। ठगी का एहसास होने पर पीडि़त ने सोमवार को जानकीपुरम थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है। 
जानकीपुरम के सीता विहार कालोनी में रहने वाले हेड कांस्टेबिल रामकुमार रावत बख्शी का तालाब थाने में तैनात हैं। उनकी बेटी प्राची ने ऑनलाइन शापिंग कम्पनी होमशॉप18 में स्कीम के तहत दो कंबल बुक किये थे। बीते 29 दिसम्बर को आर्डर की डिलेवरी हो गयी। बीते 9 जनवरी को हेड कांस्टेबिल रामकुमार रावत के मोबाइल पर एक कॉल आयी। फोनकर्ता ने कहा कि आप लकी ड्रा में टाटा सफारी जीते हैं। गाड़ी की कीमत 12.60 लाख रुपये हैं। फोनकर्ता ने रामकुमार के सामने गाड़ी या फिर उसकी कीमत लेने का विकल्प रखा। इस पर रामकुमार ने कैश लेने की बात कही तो फोनकर्ता ने मोबाइल पर एक मैसेज भेजा, जिसमें अभिषेक मण्डल का खाता नम्बर व राजकुमार यादव का आईएफएससी कोड लिखा था। फोनकर्ता ने कहा की इनामी राशि जीतने से पहले आपको रजिस्ट्रेशन शुल्क 8500 रुपये जमा करने होंगे। इनाम की लालच में राजकुमार ने खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। अगले दिन फिर से कॉल आयी और फोनकर्ता ने टैक्स के नाम पर 25,200 रुपये जमा करने को कहा। शक होने पर उन्होंने दिल्ली में पढऩे वाली छोटी बेटी प्रिया से बात की। बेटी ने टैक्स लगने की बात कही तो रामकुमार को सब कुछ सही लगा। इस पर उन्होंने टैक्स के नाम पर उक्त रकम ट्रांसफर कर दी। उसके बाद जालसाज ने कहा कि स्टेट चार्ज 31500 रुपये जमा करने के बाद आपकी इनाम राशि ट्रांसफर कर दी जायेगी। इस पर रामकुमार ने रकम भी भेज दी। उसके बाद फोनकर्ता अभिषेक मण्डल ने कहा कि मीडिया के एमडी कमल गोगोई कम्पनी के प्रचार प्रसार में मीडिया के सम्मेलन करेंगे। लिहाजा मोबाइल नम्बर देते हुए बात करने को कहा। पीडि़त रामकुमार रावत ने कॉल की तो कमल गोगोई ने कहा कि मीडिया का खर्चा 1.63 लाख होगा। इसमें एक लाख रुपये कम्पनी अदा करेगी, शेष 63 हजार आपको जमा करना होगा। सम्मेलन के दौरान आपको एक लाख का चेक व इनाम की राशि खाते में ट्रांसफर कर दी जायेगी। लगातार मांग होने पर हेड कांस्टेबिल रामकुमार रावत को कुछ शक हुआ। उसने छानबीन करायी तो पता चला कि इनाम के नाम पर उसके साथ ठगी की गयी है। अब पीडि़त हेड कांस्टेबिल रामकुमार रावत ने सोमवार जानकीपुरम  थाने में अभिषेक मण्डल, राजकुमार यादव व कमल गोगोई के खिलाफ  धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करायी है।

No comments