Breaking News

*नये साल में महापौर को मिलेगा छः नये कार्यकारिणी सदस्यों का साथ*

HTN Live

आज दिनाँक 31/12/2018 को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के रामकुमार वर्मा हॉल में  कार्यकारिणी की विशेष बैठक आहूत की गई। नगर निगम अधिनियम के अनुसार कार्यकारिणी के एक वर्ष पूर्ण होने पर बारह सदस्यीय कार्यकारिणी में से छः सदस्यों का कार्यकाल लॉटरी द्वारा नाम निकलने पर समाप्त हो जाता है।

माननीय महापौर ने कार्यकरिणी अध्यक्ष के नाते लॉटरी में पारदर्शिता बनाये रखने के लिये सभी सदस्यों के नाम लिखी पर्चियों को सदस्यों को दिखाने के पश्चात स्वयं मोड़कर लॉटरी बॉक्स में गिनकर डाला। लॉटरी के पूर्व बॉक्स को हिलाकर पर्चियों को मिश्रित किया गया जिससे किसी भी प्रकार का संशय न रह जाये।


समाजवादी पार्टी के सदस्य मो० सगीर ने पहली पर्ची निकली जिसमें राजेश कुमार मालवीय का नाम निकला। लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के चार सदस्य राजेश कुमार मालवीय, सुशील कुमार तिवारी 'पम्मी', रानी कनौजिया, विमल तिवारी एवं समाजवादी पार्टी के अजय दीक्षित एवं राजकुमार सिंह 'राजा' को कार्यकारिणी से बाहर होना पड़ा। सभी छः सदस्यों ने बताया कि महापौर जी के साथ कार्यकारिणी सदस्य के रूप में उनका अनुभव बहुत ही उत्साहित रहा। सभी ने महापौर की कार्यशैली एवं लखनऊ के विकास के प्रति उनके प्रतिबद्धता एवं प्रयासों की सराहना करते हुए महापौर को धन्यवाद दिया।


लॉटरी प्रक्रिया के पश्चात कार्यकारिणी में भाजपा के अरुण कुमार तिवारी, सुनीता सिंघल, विजय कुमार गुप्ता, राजेश सिंह, सपा के मो० सगीर एवं कांग्रेस के गिरीश मिश्र ही सदस्य के रूप में शेष रह गये हैं। कार्यकारिणी के छः नये सदस्यों का चयन जनवरी में आहूत होने वाले मा० सदन के माध्यम से चुनाव द्वारा किया जायेगा।


बैठक में महापौर संयुक्ता भाटिया संग सचेतक रजनीश कुमार गुप्ता, नेता भाजपा पार्षद दल रामकृष्ण यादव, सपा पार्षद दल के नेता सैयद यावर हुसैन 'रेशु', नगर आयुक्त इंद्रमणि त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त अनिल मिश्रा समेत अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

No comments