भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी हत्याकाण्ड
भाजपा नेता की हत्या के मामले में रात भरा चला प्रदर्शन
एसएसपी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ हुई जमकर नारेबाजी
कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक के समझाने पर माने लोग
सुबह 11 बजे शव को पीएम के लिए भेजा गया
एडीजी, आईजी सहित भारी पुलिस मर्चयूरी पर रही मौजूद
मुआवजे, नौकरी, सुरक्षा और गिरफ्तारी की मांग
इंस्पेक्टर कैसरबाग को किया गया निलम्बित
लखनऊ , 4 दिसम्बर।
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में सोमवार की रात से लेकर मंगलवार की सुबह तक समर्थकोंं ने ट्रामा सेंटर के गेट पर पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नाराज समर्थक एसएसपी कलानिधि नैथानी और पुलिस की कार्यशैली से नाराज थे। वह लोग पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक के समझाने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए और प्रत्युषमणि त्रिपाठी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। भारी सुरक्षा के बीच डाक्टरों के पैनल ने प्रत्युषमणि त्रिपाठी के शव को पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव को कैसरबाग मॉडल हाउस स्थित प्रत्युषमणि त्रिपाठी के घर ले जाया गया, जहां से बैंकुंठधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। आईजी ने इस पूरे मामले में इंस्पेक्टर कैसरबाग को निलम्बित भी कर दिया है।
कैसरबाग के मॉडल हाउस के रहने वाले भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी पर सोमवार की देर रात बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के पास चाकू से हमला किया गया था। उनको इलाज के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गयी। भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के बाद उनके समर्थक भड़क उठे और ट्रामा सेंटर में नारेबाजी करने लगे। मौके पर एसएसपी कलानिधि नैथानी पहुंचे तो उनको प्रदर्शन कर रहे लोगों के गुस्से का सामान करना पड़ा। नाराज लोग एसएसपी और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे। आरोपियों की गिरफ्तारी, एक करोड़ा का मुआवजा, मृतक के परिवार एक सदस्य को सरकारी नौकरी, बच्चों की मुफ्त शिक्षा, परिवार को सुरक्षा दिये जाने और दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पूरी रात हंगामा होता रहा। भारी पुलिस बल को ट्रामा सेंटर के बाहर तैनात कर दिया गया। सुबह करीब 10 बजे कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक, एडीजी जोन राजीव कृष्णा, आईजी रेंज सुजीत पाण्डेय और डीएम कौशल राज मौकेे पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत हुई। मंत्री ब्रजेश पाठक ने परिवार की सभी मांगों को पूरा किये जाने का आश्वासन दिया। डीएम कौशल राज ने लिखित ने मांगे पूरी होने की बात लिख कर दी। वहीं आईजी सुजीत पाण्डेय ने इस मामले में लापरवाही बरतने के मामले में इंस्पेक्टर कैसरबाग धीरेन्द्र प्रताप कुशवाहा को फौरन निलम्बित करते हुए प्रत्युषमणि त्रिपाठी के परिवार वालों को सुरक्षा और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों के गठन का ऐलान किया। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए और प्रत्युषमणि त्रिपाठी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मच्र्यूरी भेजा गया।
डाक्टरों से पैनल और वीडियोग्राफी के साथ हुआ पोस्टमार्टम
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी के शव को पोस्टमार्टम डाक्टरों के एक पैनल से कराया गया। साथ ही पूरी पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करायी गयी। पोस्टमार्टम हाउस पर पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया था। खुद एडीजी राजीव कृष्णा, आईजी रेंज सहित शहर के कई पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद रहे।
पत्नी ने पांच लोगों के खिलाफ दर्ज करायी एफआईआर
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में उनकी पत्नी प्रतिमा त्रिपाठी ने पांच लोगों सलमान, शीबू, अदनान, धु्रव वर्मा, रोहित सिंह सहित 20 से 25 अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पुलिस ने इस मामले में कुछ युवकों को हिरासत में ले लिया है। वहीं पुलिस की टीमें लगातार नामजद आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आईजी रेंज सुजीत पाण्डेय ने बताया कि इस मामले में आरोपियों के खिलाफ एनएसए की भी कार्रवाई की जायेगी।
नामजद दो आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में मंगलवार की शाम करीब चार बजे वजीरगंज पुलिस ने कोर्ट सरेंडर करने की फिराक में लगे नामजद आरोपी अदनान और सलमान को वजीरगंज पुलिस ने कोर्ट के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं पुलिस की टीम फरार अन्य आरोपियों की धर-पकड़ में लगी हैं।
परिवार ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में परिवार वालों ने कैसरबाग पुलिस पर गंभीर आरोप लगाया है। परिवार वालों का कहना है कि 25 नवम्बर की रात मोहल्ले के रहने वाले सलमान, शिवू, जीशान और उनके अन्य साथियों ने प्रत्युषमणि त्रिपाठी पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में कैसरबाग कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज करायी गयी थी। पुलिस ने बस एक आरोपी जीशान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि बाकी आरोपी फरार थे। वहीं पुलिस ने इस घटना के बाद प्रत्युषमणि त्रिपाठी की सुरक्षा के लिए भी कोई बंदोबस्त नहीं किया और आरोपियों के खिलाफ भी कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की इस लापरवाही का फायदा उठाते हुए आरोपियों ने सोमवार की देर रात महानगर के बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के पास प्रत्युषमणि त्रिपाठी पर चाकू से हमला कर उनको मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी व उसका परिवार गायब
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी सलमान व अदनान के घर पर फिलहाल ताला लगा है। बताया जाता है कि इस घटना के बाद आरोपी का पूरा परिवार घर छोड़कर गायब हो गया। वहीं दूसरी तरह ऐसी चर्चा भी सुनने को मिली कि पुलिस ने तनाव को देखते हुए एहतियात के तौर पर आरोपियों के घरवालों को वहां से हटा दिया है। फिलहाल घरवालों को हटाने जाने को लेकर अधिकारिक रूप से कोई पुष्टिï नहीं हुई है।
शव घर पहुंचा तो मचा कोहराम
प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के बाद उनके घर पर लोगों का जमवड़ा लगा गया। रिश्तेदार, नातेदार और परिचितों का तांता उनके घर पर लगा रहा। वहीं सुरक्षा को लेकर पहले से ही भारी पुलिस बल को उनके घर और आसपास के इलाके में तैनात कर दिया गया था। प्रत्युषमणि त्रिपाठी के घर से कुछ ही दूरी पर आरोपियों का भी घर है। ऐसे में पुलिस ने पहले से प्रत्युषमणि त्रिपाठी के घर से आरोपी के घर की तरफ जाने वाली गली पर पूरी तरह ब्लाक कर दिया था। मौके पर सीओ बाजारखाला के साथ पीएसी बल को गली में पहले से ही एहतियात के तौर पर तैनात किया गया था। दोपहर को जब प्रत्युषमणि त्रिपाठी का शव उनके घर पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चोंं को रो-रो कर बुरा हाल हो गया था। कुछ देर तक शव घर मेें मौजूद रहा, इसके बाद बैकुंठधाम में उनका अंमित संस्सकार कर दिया गया।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस
भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी की हत्या के मामले में छानबीन कर रही महानगर पुलिस बादशाहनगर रेलवे स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि प्रत्युषमणि त्रिपाठी बादहशाहनगर किसी काम से आये थे। एसपी पश्चिम ने बताया कि सिर्फ इस बात का ही पता चल सका है कि वह बाइक से बादशाहनगर रेलवे स्टेशन गये थे। मौके से उनकी बाइक पुलिस को मिली है। आगे की छानबीन महानगर पुलिस कर रही है। अभी तक महानगर पुलिस को कैमरों की मदद से कोई खास फुटेज हाथ नहीं लगी है।
यह है पूरा मामला
कैसरबाग के मॉडल हाउस में भाजपा नेता प्रत्युषमणि त्रिपाठी अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी और तीन बच्चे हैं। बताया जाता है कि 25 नवम्बर की रात प्रत्युषमणि त्रिपाठी पर मोहल्ले के ही रहने वाले सलमान, शिबू, जीशान और अन्य लोगों ने एक युवती के साथ छेडख़ानी का आरोप लगाते हुए मारपीट की थी। इस मामले में प्रत्युषमणि त्रिपाठी ने एफआईआर भी दर्ज करायी थी। वहीं प्रत्युषमणि त्रिपाठी के खिलाफ भी युवती ने छेडख़ानी की एफआईआर कैसरबाग कोतवाली में लिखायी थी।




No comments