Breaking News

इकाना स्टेडियम: लखनऊ में रणजी के मुकाबले 14 और 22 को रैना और लखनऊ के अक्शदीप नाथ पर होंगी निगाहें





लखनऊ के मुकाबलों से रैना और अक्शदीप को मिल सकता है टीम का टिकट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक बार फिर सर्द हवाओं के बीच क्रिकेट की गरमागहट होने को है। भारत बनाम वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले और सेलिब्रिटी क्रिकेट के बाद एक बार फिर राजधानी में दिग्गज क्रिकेटर्स का जमावाड़ा लगने वाला है। 



उत्तर प्रदेश रणजी टीम को अपने घरेलू मैदान अटल बिहारी बाजपेयी अंतरराष्ट्रीय इकाना स्टेडियम में 14 और 22 दिसम्बर को दो मुकाबले खेलने हैं। रणजी के रन में यूपी ग्रुप सी में है। अब तक हुए चार मुकाबलों में से उसे दो जीत नसीब हुई इसके सहारे उसके कुल 18 अंक हैं और अंक तालिका में दूसरे नंबर पर काबिज है। यूपी का लखनऊ में पहला मुकाबला 14 दिसम्बर को झारखंड से और दूसरा 22 दिसम्बर से त्रिपुरा से होना है। उत्तर प्रदेश की टीम पर प्रदर्शन यहां पर कुछ खास नहीं रहा है। दरअसल पिछले साल रैना कप्तानी में बेहद रोमांचक मुकाबले में हार गई थी। इतना ही नहीं यहां पर खेले गये दो मुकाबलों में यूपी को शिकस्त झेलनी पड़ी है लेकिन अब हालात बदले हुए है। इस बार यह मुकाबला कई मायनों में खास होने वाला है क्योंकि यूपी की टीम की कमान लखनऊ के अक्शदीप नाथ के हाथों में हैं। ऐसे में अक्शदीप नाथ की कप्तानी में अपने घरेलू पिच पर पुरानी मिली हार का तिलिस्म तोडऩे को उतरेगी।



उधर रैना के लिए ये दोनों मुकाबल बेहद अहम हैं। क्रिकेट के सभी प्रारूपों से बाहर चल रहे सुरेश रैना भी लखनऊ में अक्शदीप की कप्तानी में अपने बल्ले का जौहर दिखाते नजर आयेंगे। रैना इंडिया की वल्र्ड कप टीम में अपनी जगह बनाने के लिए यहां अपने दमदार प्रदर्शन के लिए बेकरार होंगे। इसके साथ ही पिछली हारों के चलते अक्शदीप पर अपने होम ग्राउंड पर जीतने का खासा दबाव होगा। सुरेश रैना को अगर भारतीय टीम में वापसी करनी है तो उन्हें दोनों ही मैचों में अपने बल्ले का जोर दिखाना होगा। वहीं अक्शदीप भी भारतीय टीम में खेलने के लिए मुकाबले के दौरान सेलेक्टरों को अपने हुनर का जलवा दिखाते नजर आयेंगे।



वही उत्तर प्रदेश रणजी टीम के कप्तान अक्शदीप नाथ का बल्ला बतौर कप्तान रनों की बारिश कर रहा है। उन्होंने जब से कप्तानी संभाली है तब से यूपी की टीम की किस्सत भी बदली हुई नजर आ रही है। उन्होंने बतौर बल्लेबाज भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने चार मुकाबलों में 102.50 की औसत से 410 रन बनाये हैं। इस दौरान दो जोरदार शतक भी जड़े हैं जबकि एक अर्धशतक भी जड़ा है। कुल मिलाकर यूपी के इस होनहार खिलाड़ी से लखनऊ के खेल प्रेमी बड़ी पारी की उम्मीद लगा रहे हैं। अक्शदीप 2012 के अंडर-19 विश्व कप की टीम में उपकप्तान थे। इतना ही नहीं साल 2011-12 के सीजन में वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश की कप्तानी करते हुए खिताब दिलाया था। इसके बाद तो उत्तर प्रदेश के लिए विजय हृजारे, मुश्ताक अली ट्वेंटी-20, रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी खेल रहे हैं। अक्षदीप नाथ ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट के 13 मुकाबलों में 814 रन बनाने के साथ ही चार विकेट चटकाये हैं।

No comments