Breaking News

बरेली और मेरठ मंडल शानदार जीत के साथ सेमीफाइनल में




दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय सीनियर महिला हॉकी

लखनऊ। बरेली और मेरठ मण्डल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राज्य स्तरीय सीनियर महिला हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को खेेले गये क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में जीत के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली।
गोमतीनगर स्थित मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में यूपी खेल विभाग के तत्वावधान में क्षेत्रीय खेल कार्यालय, लखनऊ द्वारा खेली जा रही इस प्रतियोगिता में पहले क्चार्टर फाइनल में बरेली मंडल ने देवीपाटन मंडल को 6-1 से मात दी। बरेली ने इस मैच में फारवर्ड खिलाडिय़ों के उम्दा प्रदर्शन से पहले हॉफ में 5-1 की बढ़त बना ली। बरेली से कप्तान रौनक ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और तीसरे व पांचवें मिनट में लगातार प्रतिद्वंद्वी के डिफेन्स को भेदते हुए दो फील्ड गोल दागते हुए अपनी टीम को 2-0 से बढ़त दिला दी। जवाब में देवीपाटन से मधु चौधरी ने 21वें मिनट में गोल करके अपनी टीम का खाता खोला। हालांकि इसके बाद बरेली की खिलाडिय़ों ने आक्रामक रुख अपनाया और देवीपाटन को दूसरा गोल नहीं करने दिया। इसके बाद बरेली से खुशूब ने 26वें, काजल ने 28वें, शिवानी ने 29वें और समरीन ने 59वें मिनट में एक-एक गोल किया।


इसके बाद मेरठ ने दूसरे क्वार्टर फाइनल में वाराणसी मंडल को 8-1 से हराया। इस मैच में मेरठ का दबदबा इस कदर रहा कि टीम ने पहले हॉफ  में ही 5-0 से बढ़त बना ली। जीत में रीता ने 17वां, 18वां व 48वां मिनट और काजल ने 25वां, 36वां, 53वां मिनट में उम्दा फुटवर्क दिखाते हुए तीन-तीन गोल दागे। मेरठ से तनु ने सातवां, रिंकी ने 15वां और मानसी ने 59वां मिनट में एक-एक गोल किया।
इससे पहले खेले गये लीग मैच में प्रयागराज मंडल ने आगरा को 6-0 से हराया। वहीं दूसरे मैच में गोरखपुर ने मुरादाबाद को 5-0 से मात दी। गुरुवार को अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबले लखनऊ मंडल बनाम प्रयागराज और झांसी मंडल बनाम गोरखपुर मंडल के बीच खेले जायेंगे।

No comments