मारवाड़ी युवा मंच 'सृजन' द्वारा आयोजित एपीएल-2 का भव्य शुभारंभ: "समाज के वरिष्ठजन अंपायर के समान" - कीर्ति शेखर
HTN Live
बलरामपुर। महाराजा अग्रसेन मंदिर प्रांगण में महाराजा अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में मारवाड़ी युवा मंच, बलरामपुर सृजन शाखा द्वारा आयोजित सौहार्द क्रिकेट टूर्नामेंट 'एपीएल-2' (Agrasen Premier League) का कल शानदार आगाज़ हुआ।
उद्घाटन समारोह में फीता काटने, महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने और विजेता ट्रॉफी के अनावरण के लिए अग्रवाल सभा के अध्यक्ष सौम्य अग्रवाल, अग्रवाल सभा की पूरी कार्यकारिणी के साथ उपस्थित रहे। इस भव्य अवसर पर समाज के अन्य वरिष्ठ जन जिनमें अजय अग्रवाल, 'ब्लड मैन' आलोक अग्रवाल, सुरेंद्र कुमार अग्रवाल, सुशील हमीरवासिया, विनोद बंसल, मनीष तुलस्यान, सतीश अग्रवाल और मोहनलाल अग्रवाल आदि गणमान्य लोगों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, बलरामपुर सृजन शाखा के अध्यक्ष कीर्ति शेखर ने अपने संबोधन से उपस्थित जनों का दिल जीत लिया। उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि समाज के जो वरिष्ठजन और अग्रवाल सभा के पदाधिकारी हैं, वे समाज में 'अंपायर' की भूमिका में हैं। जिस प्रकार क्रिकेट के मैदान में अंपायर का एक निर्णय सभी दुविधाओं को तत्काल दूर कर देता है, ठीक उसी तरह समाज के अग्रज और बड़े-बुजुर्ग अपनी समझदारी और अनुभव से हम युवाओं का मार्गदर्शन करते हैं। इस सटीक और सम्मानजनक तुलना की उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने भारी सराहना की।
इस संपूर्ण उद्घाटन समारोह और कल के पहले मैच को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में मारवाड़ी युवा मंच के सचिव सौरभ तुलस्यान, कोषाध्यक्ष तरुण अग्रवाल के साथ-साथ आयोजक मंडल के कर्मठ सदस्य अमन अग्रवाल, ऋषभ अग्रवाल एवं मृदुल अग्रवाल की अत्यंत सराहनीय भूमिका रही। इसके साथ ही, आयोजक मंडल द्वारा इस बार नवीनतम तकनीक का प्रयोग करते हुए टूर्नामेंट को पूर्णतः पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष पहल की गई है, जो इस आयोजन को और भी अत्याधुनिक और निष्पक्ष बनाती है।



No comments