बेहतर समाज बनाने को समर्पित आशा संगिनी संगीता मिश्रा
HTN Live
रिपोर्ट सुशील कुमार द्विवेदी
गोंडा - पढ़ी लिखी होते हुए भी समाज की कुछ कुरीतियों और परंपरागत सोंच के कारण संगीता अपने बच्चों व परिवार के लिए कुछ कर नहीं पा रही थी, बावजूद इसके कि संगीता में अपने परिवार और समाज का जीवन स्तर बेहतर बनाने की प्रबल इच्छा थी | वो बहुत कुछ करना चाहती, पर सुसराल से कोई बढ़ावा नहीं मिलता |
यह आपबीती है शहर मुख्यालय से सटे हुए झंझंरी ब्लॉक के खैरा बगिया गाँव में रहने वाली संगीता मिश्रा का, जो एक मध्यम वर्गीय परिवार से हैं | संगीता बताती हैं वर्ष 2006 में उन्हें आशाओं के चयन की जानकारी हुयी | घर वालों से जब इसके लिए बात किया, तो उन्होंने समाज और लोग क्या कहेंगे कहकर मना कर दिया | लेकिन पति, जो पेशे से वकील हैं को काफी समझाने और कई कामकाजी महिलाओं का उदाहरण देने के बाद पति के साथ घर के अन्य लोग भी तैयार हो गए |
मेरा चयन आशा कार्यकर्ता के रूप में हो गया | ऐसे में जब आगे बढ़कर कुछ करने का मौका मिला, तो दृढ़ निश्चय किया कि घर-परिवार और गाँव की हालत बदल कर रहूंगी | मैंने काम शुरु किया, तो सामने समाज की अशिक्षा, गरीबी, भेदभाव, लोगों में जागरुकता की कमी, महिलाओं की स्वास्थ्य के प्रति उदासीनता,अंधविश्वास, टीकाकरण न कराना, घर पर प्रसव को पसंद करने जैसी बड़ी चुनौतियाँ थीं | सबसे पहले साफ़-सफाई के बारे में गाँव वालों को जागरुक किया | जब थोड़ा बदलाव आया, तो मेहनत सफल होती दिखी | अगले कदम के रूप में मैंने अपने कार्यक्षेत्र जानकीनगर, इमलिया गुरुदयाल और बड़गाँव में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर लोगों को टीकाकरण का महत्व समझाया | पहली बार शिविर के लिए मैंने घर-घर जाकर लोगों को इकठ्ठा किया | निरंतर प्रयास करते रहने से अब प्रत्येक बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले वीएचएसएनडी व अन्य शिविरों में लोग खुद भी पहुँचने लगे हैं | जहाँ से सभी के स्वास्थ्य की जाँच, बच्चों को टीके, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं को सेहत की बाते बताने में आसानी हुयी है |
सूझबूझ से बचाई माँ-बच्चे की जान –
संगीता बताती हैं कि पिछले वर्ष उनके कार्यक्षेत्र में महिला गर्भवती हुयी, जो मंदबुद्धि थी | न तो उसे और न ही घर वालों को उसके गर्भवती होने की जानकारी हुयी | गर्भावस्था के पहले-दूसरे महीने में वह महिला अपने मायके चली गयी, जिस वजह से उसकी जरूरी जांचें नहीं हो पायीं और बच्चा ख़राब हो गया | इसकी जानकारी जब मुझे मिली, तो बहुत दुःख हुआ | जब वह महिला दोबारा गर्भवती हुयी, तो उसके पति और जिठानी को बार-बार प्रेरित कर उसकी प्रसव पूर्व की चार जांचें करवाई, हीमोग्लोबिन कम होने पर आयरन-सुक्रोज चढ़वाया और आयरन-फोलिक एसिड गोली का सेवन कराने हेतु उसका नियमित फॉलोअप किया | उस महिला का प्रसव पिछले माह फ़रवरी में महिला अस्पताल में हुआ | जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ हैं |
वह बताती हैं कि मेरे कार्यक्षेत्र तोपखाना मोहल्ले में कुछ परिवार ऐसे थे, जो अपने बच्चों को टीका लगवाने के लिए बिल्कुल भी तैयार नहीं होते थे | उनका कहना था कि हमारे घर-परिवार में अभी तक किसी को टीका नहीं लगा है और सभी लोग ठीक हैं | हम अपने बच्चों को टीका नहीं लगवायेंगे | ऐसे में मैंने उन परिवारों का लगभग दो सालों तक नियमित फॉलोअप किया, उन्हें टीकाकरण कराने से होने वाले फायदों और न कराने से होने वाली जानलेवा बीमारियों के बारे में बताया, उनके सामने आसपास के दूसरे बच्चों की मिशाल रखी, जिन्हें टीका लगा और वह पूरी तरह स्वस्थ हैं | आज नतीजा यह है कि लगभग सभी परिवार अपने बच्चों को टीका लगवाने हेतु सत्र स्थल पर खुद पहुँचते हैं |
स्वास्थ्य आंकड़ों में आई सुधार –
बीसीपीएम संतोष कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि संगीता के प्रयास और सहयोगात्मक पर्यवेक्षण से उनके कार्यक्षेत्र के स्वास्थ्य आंकड़ों में बेहद सुधार आई है | पहले जहाँ 41 फ़ीसदी गर्भवती महिलाओं का ही चिन्हांकन हो पता था, वह अब बढ़कर 65 फ़ीसदी तक पहुँच गया है | शून्य से 2 वर्ष तक के बच्चों का टीकाकरण की दर 36 से बढ़कर 59 फ़ीसदी, संस्थागत प्रसव 25 से बढ़कर 37, पूर्ण प्रतिरक्षण 35 से बढ़कर 50 हुआ है | इसके अलावा पहले जहाँ 15 प्रतिरोधी परिवार (XR) टीकाकरण नहीं करवाते थे, वहीं अब 13 प्रतिरोधी परिवार टीकाकरण कराने लगे हैं |
मेहनत लायी रंग –
मेहनत रंग लायी और मिश्रौलिया व पंतनगर उपकेन्द्र की 22 आशा कार्यकर्ताओं की सहयोगी पर्यवेक्षक बनाते हुए विभाग द्वारा वर्ष 2016 में मुझे आशा संगिनी पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी |
काम के प्रति लग्न और मेहनत देखकर हर साल आयोजित होने वाले आशा सम्मलेन में संगीता को तीन बार प्रथम व एक बार द्वितीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया | कोरोना काल में बेहतर प्रदर्शन के लिए भी उन्हें झंझरी ब्लॉक की में प्रथम स्थान के पुरस्कार से सम्मनित किया गया |


No comments