Breaking News

व्यवासायी जय राम संगवानी के घर हुई घटना का मामला

HTN Live

अम्बेडकर नगर,
 रविवार को तड़के शहजादपुर कस्बे के कृष्णानगर कालोनी (वृन्दावन कालोनी) निवासी जयराम संगवानी के घर में हुई घटना का मास्टर माइन्ड विवेक प्रताप सिंह अभी भी पुलिस के हत्थे नही चढ़ सका है। विवेक प्रताप सिंह की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है लेकिन उसका पता नही चल सका है। हालांकि पुलिस ने विवेक के भाई अभिषेक को पूछ ताछ के लिए हिरासत में ले रखा है। रविवार की देर शाम अकबरपुर थाने पंहुचे पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने भी अभिषेक से पूछतांछ की। रविवार को सुबह विवेक के घर पर पुलिस द्वारा मारे गये छापे के दौरान भागे व्यक्ति के बारे में भी कोई जानकारी नही मिल सकी है। उल्लेखनीय है कि जिस समय पुलिस ने विवेक प्रताप सिंह के घर पर छापा मारा था उसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस का मोनोग्राम लगी मोटर साइकिल से भागने में सफल रहा था। पुलिस ने उसका पीछा भी किया था लेकिन वह पकड़ में नही आ सका था। भागने वाला व्यक्ति कौन था, यह अभी रहस्य बना हुआ है। सूत्रों की मानें तो पुलिस इस घटना का मंगलवार को खुलासा कर सकती है। गौरतलब है कि जयराम संगवानी के घर रात में घुसे दो बदमाशों ने उनके बेटे वैभव व बहू वीनू पर हमला कर घायल कर दिया था लेकिन बीनू व वैभव ने हिम्मत का परिचय देते हुए एक बदमाश को गोली मार दी थी जबकि उसके साथी को पीट-पीट कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया था। घर में घुसे दोनों बदमाश शुभम गुप्ता व अनुराजिल खान गोशांईगंज थाना क्षेत्र के समदा गांव के रहने वाले हैं। घायल दोनों बदमाशों का ट्रामा सेन्टर में इलाज चल रहा है, जहां शुभम गुप्ता की हालत अभी भी गम्भीर बनी हुई है। इस घटना का मास्टर माइन्ड विवेक प्रताप सिंह को बताया जा रहा है जो इन्द्रलोक कालोनी का रहने वाला है। पूर्व में भी विवेक के ऊपर कई मामले दर्ज हो चुके हैं। घर में घुसे बदमाशों का इरादा केवल लूट पाट का था अथवा उनका उद्देश्य कुछ और था यह अभी स्पष्ट नही हो सका है। पुलिस सूत्रों की मानें तो मामला बड़ा है और जल्द ही इसका खुलासा कर दिया जायेगा।

No comments