Breaking News

युवक की मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज चाचा सहित पांच पर लगा हत्या का आरोप

HTN Live

पिता ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज करायी रिपोर्ट
सआदतगंज पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

लखनऊ ,2 जून। 
सआदतगंज इलाके में बीते वर्ष 2 दिसम्बर को हुई आकाश नाम के एक युवक की मौत के मामले में हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गयी है। हत्या की रिपोर्ट आकाश के पिता ने कोर्ट के आदेश पर सआदतगंज कोतवाली में दर्ज करायी है। उन्होंने अपने सगे भाई भाई पांच लोगों पर मकान और सम्पत्ति के चलते बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। 
उन्नाव जनपद निवासी विपिन कुमार तिवारी ठाकुरगंज के पीर बुखारा इलाके में परिवार संग रहता है। उसका आरोप है कि उसके मकान का मोहल्ले का ही रहने वाले सुरेश मिश्र कब्जा करना चाहता था। इस बात को उन लोगों के बीच विवाद चल रहा था। वहीं गांव की भी जमीन को लेकर विपिन का अपने सगे भाई बृजनंदन उर्फ  आयन से झगड़ा चल रहा था। पीर बुखारा के मकान के विवाद के चलते विपिन परिवार संग उन्नाव जाकर रहने लगा था। इस बीच उसके भाई बृजनंदन ने पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर समझौता कर लिया। विपिन का आरोप है कि इसके बाद साजिश के तहत बृजनंदन ने विपिन के बेटे आकाश को अपनी कांच और बटन की दुकान पर काम करने के लिए रखा लिया। इसके बाद बृजनंद, सुरेश मिश्र  उनके साथियों शोनू रिजवी, ज्ञानेश और रज्जन ने मकान और जमीन के विवाद के चलते 2 दिसम्बर वर्ष 2018 को उनके बेटे आकाश की हत्या कर दी और शव को बृजनंदन की दुकान में लटका दिया। अगले दिन उनको बेटे की मौत का पता चला। इसके बाद आकाश और उसके परिवार के लोग लखनऊ पहुंचे और आकाश के शव को पोस्टमार्टम के बाद अपने साथ ले गये। विपिन का कहना है कि उनके बेटे आकाश ने आरोपियों की साजिश के बारे में उनको एक दिन पहले बताया भी था। बेटे की मौत के बाद विपिन ने सआदतगंज पुलिस और एसएसपी को शिकायत पत्र भी भेजा था पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद विपिन ने कोर्ट की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश पर सआदतगंज पुलिस ने बृजनंद, सुरेश मिश्र  उनके साथियों शोनू रिजवी, ज्ञानेश और रज्जन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

No comments