चारबाग में डाक उठाने वाले कर्मचारियों ने की हड़ताल
HTN Live
लखनऊ (सं)। पिछले चार महीनों से रेल डाक सेवा आरएमएस के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिला है। जिसके कारण आरएमएस के कर्मचारियों ने डाक की लोडिंग और अनलोडिंग का काम बंद कर दिया है। वेतन प मिलने से नाराज कर्मचारी हड़ताल पर चले गये हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि निजी फर्म उन्हें तय भुगतान नहीं कर रही है। वहीं आरएमएस अधिकारियों के मुताबिक दो तीन दिन की छुट्टी के चलते डाक जमा हुई है।
चारबाग रेलवे स्टेशन और लखनऊ जंक्शन पर रेल डाक सेवा से ट्रेनों से डाक आते हैं। ट्रेनों तक डाक पार्सल लाने और ले जाने के लिए निजी फर्म के 400 कर्मचारियों को रखा गया है। इन कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन नहीं मिल रहा है। भुगतान न होने के चलते कर्मचारियों ने मंगलवार से ही हड़ताल कर रखी है। इसके चलते चारबाग पर बने आरएमएस व प्लेटफार्म नंबर एक से लेकर सात तक सभी जगह डाक सेवा की डाक पड़ी हुई है। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के बाद ठेकेदार मजदूरों से डाक को ट्रेनों से लाने और पहुंचाने का काम कर रहा है।

No comments