बाग में लटका मिला लापता युवक का शव परिवार में जतायी हत्या की आशंका
HTN Live
गांव के चार लोगों पर लगाया आरोप
माल इलाके की है घटना
लखनऊ ,14 मई।
माल के कड़ौरा गांव में लापता मजदूर का शव मंगलवार की सुबह आम के बाग में गमछे के सहारे संदिग्ध हालात में लटका मिला। भाई ने गांव के एक ही परिवार के चार लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
माल के कड़ौरा गांव में 24 वर्षीय पन्ना अपने पांच भाइयों गंगा, जगन, छोटे, सुरेश और पच्चू उर्फ बनवारी के साथ रहता था। वह लखनऊ में मजदूरी करता था। भाई बनवारी का कहना है कि सोमवार सुबह पन्ना मजदूरी करने के लिए रोज की तरह लखनऊ निकला था। देर शाम तक वह घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिवार वालों ने उसको फोन किया पर सम्पर्क नहीं हो सका। पन्ना के पास मौजूद दोनों मोबाइल फोन बंद थे।परिवार ने पन्ना को इधर-उधर काफी तलाशा भी पर कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह ग्रामीण शौच के लिए गांव के ही भगवानदीन के आम के बाग में गये थे। बाग में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पेड़ से गमछे के सहारे संदिग्ध हालात में लटकते हुए देखा और उसके मुंह में कपड़ा भी ठुंसा हुआ था। ग्रामीणों ने युवक के शव की पहचान पन्ना के रूप में की और खबर परिवार वालों को दी।
देर से पहुंची पुलिस लोगों ने किया हंगामा
खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गये। सूचना पुलिस को दी गयी। बावजूद इसके बाद माल पुलिस को मौके पर पहुंचने में समय लग गया। पुलिस के देर से पहुंचने के चलते ग्रामीण भड़क उठे। मामले को बिगड़ता हुआ देखा और पुलिस बल को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद पुलिस के अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और चार घंटे के बाद पन्ने के शव को पेड़ से नीचे उताकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रंजिश के चलते चार पर हत्या का आरोप
माल पुलिस पहले पन्ना की मौत को आत्महत्या बता रही थी। पन्ना के भाई ने बनवारी ने हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पन्ना के पास मौजूद 2 मोबाइल फोन और रुपये गायब हैं। बनवारी ने गांव में रहने वाले खूबलाल उसके बेटे राकेश, भाई राम गोपाल और भतीजे छोटे पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। एएसपी ग्रामीण विक्रांत वीर के मुताबिक आरोपों के आधार पर छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह पता चल जायेगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी। एएसपी ग्रामीण का कहना है कि पन्ना के दो मोबाइलों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। अभी तक की गयी छानबीन में पुलिस को इस बात का पता चला है कि पन्ना की हत्या के मामले में जिन लोगों पर आरोप लगा है उनके और पन्ना के परिवर के बीच रंजिश चल रही है।

No comments