टप्पेबाज दो कारोबारियों का बैग लेकर फरार बैग में रुपये और लैपटाप रखा था
HTN Live
पहली घटना लाटूश रोड और दूसरी हीवेट रोड पर हुई
अमीनाबाद पुलिस ने दर्ज की दोनों की एफआईआर
लखनऊ, 6 अप्रैल।
अमीनबाद लाटूश रोड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके से एक टप्पेबाज कारोबारी को अपनी बातें में उलझाकर कार में रखा बैग ले उड़ा। बैग में 45 हजार रुपये सहित अन्य सामान रखा हुआ था। फिलहाल अमीनाबाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं हीवेट रोड इलाके में भी टप्पेबाज एक कारोबारी के चालक को झांसे में लेकर कार में रखा लैपटाप लेकर फरार हो गये।
मानकनगर के विक्रमनगर इलाके में कारोबारी ओम प्रकाश पाण्डेय अपने परिवार संग रहते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर वह अपनी कार से लाटूश रोड किसी काम से आये थे। उन्होंने अपनी कार को सड़क के किनारे पार्क कर दिया था। कुछ देर के बाद वह काम निपटा कर वापस अपनी कार के पास पहुंचे और गेट खोला। इस बीच पीछे से एक व्यक्ति ने उनके कंधे पर हाथ रखते हुए बताया कि उनके रुपये नीचे गिर गये हैं। यह बात सुन ओम प्रकाश ने जब नीचे सड़क पर देखा तो 10-10 के कुछ नोट बिखरे थे। इस पर ओम प्रकाश ने बताया कि रुपये उनके नहीं हैं। बावजूद इसके ओमप्रकाश सड़क पर गिरे नोट उठाने लगे। वह जब नोट उठाकर खड़े हुए तो मंजर देख सन्न रहे गये। कार की सीट पर रखा उनको बैग और रुपये गिरने की जानकारी देने वाला व्यक्ति गायब था। यह देख ओम प्रकाश को समझ में आ गया कि उनके साथ टप्पेबाजी हुई है। इसके बाद ओम प्रकाश ने उक्त व्यक्ति को इधर-उधर काफी तलाशा पर कोई पता नहीं चल सका। थक हार कर ओम प्रकाश ने सूचना अमीनाबाद पुलिस को दी। मौके पर पहुंची अमीनाबाद पुलिस ने छानबीन के बाद इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली। ओमप्रकाश के बैग में 45 हजार रुपये, मोबाइल फोन सहित अन्य दस्तावेज रखे थे। इसके अलावा चिनहट के कमता शंकरपुरी इलाके में बिलाल किदवई अपने परिवार संग रहते हैं। बताया जाता है कि शुक्रवार की दोपहर वह अपनी ऑडी कार से चालक के साथ हीवेट रोड कुछ सामान खरीदने आये थे। समोसा जंक्शन नाम की दुकान पर उन्होंने गाड़ी रुकवायी और सामान खरीदने चले गये। कार में उनका चालक मौजूद था। इस बीच एक व्यक्ति वहां पहुंचा और चालक को बताया कि गाड़ी से तेल गिर रखा है। यह बात सुन चालक घबरा गया। वह फौरन गाड़ी से बाहर निकला और बोनट के पास जाकर इधर-उधर देखने लगा। इस बीच आरोपी टप्पेबाज कार की सीट पर रखा कारोबारी को डेल कम्पनी का लैपटाप पार कर ले गया। कुछ देर के बाद जब बिलाल वापस लौटे तो उनको लैपटाप गायब मिला। उन्होंने जब चालक से पूछा तो चालक ने सारी बात उनको बतायी। बिलाल ने फौरन सूचना अमीनाबाद पुलिस को दी। छानबीन के बाद अमीनाबाद पुलिस ने बिलाल की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली।
No comments