साई लखनऊ की संघर्षपूर्ण जीत में हीना का गोल आया काम
HTN Live
मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी भी जीत के साथ अगले दौर में
तृतीय राज्य सीनियर प्राइजमनी महिला हॉकी चैंपियनशिप
लखनऊ। साई लखनऊ की स्थानीय टीम ने तृतीय राज्य सीनियर प्राइजमनी महिला हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन खेले गये मैच में गाजियाबाद को 1-0 से मात देते हुए अपनी पहली जीत दर्ज की। शांति फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में गोमतीनगर स्थित मोहम्मद शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम में लीग कम नाकआउट आधार पर खेली जा रही इस चैंपियनशिप में दूसरे दिन चार मैचों में जोर-आजमाईश हुई जिसमें मेरठ, साई लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी ने जीत दर्ज की। हालांकि नाकआउट में पहुंचने वाली टीमों की स्थिति कल तीसरे दिन खेले जाने वाले मैचों के बाद ही स्पष्ट होगी।
पूल बी में साई लखनऊ ने गाजियाबाद की टीम के खिलाफ 1-0 से जीत दर्ज की। इस मैच में सितारों से सजी साई की टीम को प्रतिद्वंद्वी से कड़ी टक्कर मिली। वहीं दोनों ही टीमों ने आला दर्जे का डिफेंस दिखाया जिसके चलते गोल करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और मध्यांतर गोलरहित रहा। हालांकि दोनों ही टीमों ने प्रतिद्वंद्वी के खेमे पर लगातार आक्रमण जारी रखे लेकिन गोल करने में सफलता नहीं मिली। इसी दौरान गाजियाबाद के खिलाड़ी के फाउल के चलते साई को 54वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर मिला जिस पर हिना ने गोल दागते हुए टीम को निर्णायक बढ़त दिला दी। साई ने इस गोल के सहारे 1-0 से बढ़त हासिल की जो अंत तक कायम रही।
पूल डी में मेरठ की टीम ने अपनी कल की हार को पीछे छोड़ते हुए जीत दर्ज की। मेरठ ने आज खेले गये मैच में प्रयागराज को 4-0 से मात दी। मेरठ की टीम से पहला गोल 11वें मिनट में मिले पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील करते हुए मानसी ने किया। हालांकि प्रयागराज ने मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन दिखाया जिससे मध्यांतर में दूसरा गोल नहीं हो सका। मध्यांतर के बाद मेरठ की फारवर्डो ने आक्रामक रवैया अपनाया जिससे प्रयागराज की टीम दबाव में आ गयी। इस दौरान टीम के लिए 36वें व 45वें मिनट में काजल ने लगातार मैदानी गोल दागे। अंजली ने 59वें मिनट में गोल किया।
गोरखपुर ने बलिया को 8-0 से हराया
पूल सी में गोरखपुर की टीम ने बलिया की टीम को हाकी का ककहरा पढ़ाते हुए 8-0 से जीत दर्ज की। गोरखपुर ने मध्यांतर में तेज खेल दिखाया और पांच गोल दागे। टीम के लिए भूमिक्षा ने तीन गोल और शशि ने दो गोल किये। मैच का पहला गोल शशि ने चौैैथे मिनट में दागा। वहीं भूमिक्षा ने 10वें व 39वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से और 38वें मिनट में मैदानी गोल किया। हिमनावती ने15वें मिनट, प्रतिभा ने 25वें मिनट, पेनाल्टी कार्नर गोल किया। वहीं शशि ने 45वें मिनट में मैदानी गोल और कप्तान शशि प्रभा ने 55वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से गोल किया।
वाराणसी ने पूल ए में रायबरेली को 8-1 से हराया। इस मैच में विजेता टीम ने मध्यांतर तक 4-1 की बढ़त बना ली थी। वाराणसी की जीत में किरपाना और मोनिका ने तीन-तीन गोल किये। मध्यांतर से पहले मोनिका ने पांचवें मिनट में पेनाल्टी कार्नर से पहला गोल किया। अल्का राय ने 17वें, प्रीति ने 19वें और मोनिका ने 27वें मिनट में मैदानी गोल किया। रायबरेली से ज्योति ने 24वें मिनट में एकमात्र गोल किया। मध्यांतर के बाद किरपाना ने 32वें व 39वें मिनट में मैदानी गोल, 58वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर और मोनिका ने 41वें मिनट में गोल किये। आज के मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मेरठ की मानसी, साई लखनऊ की हिना, गोरखपुर की शशि प्रकाश और वाराणसी की मोनिका को दिया गया।
No comments