असलह लेकर सड़क पर हुड़दंग मचा रहा दुकारदार धरा गया आरोपी ने पुलिस वालों से हाथापाई भी
HTN Live
मौके से तीन साथी स्कार्पियो लेकर हुए फरार
तालकटोरा के मीना बेकरी की है घटना
लखनऊ, 2 मार्च।
शराब के नशे में दोस्तों संग असलहा लेकर हुड़दंग मचा रहे एक मौरंग बालू दुकानदार को तालकटोरा पुलिस ने बीती रात मीना बेकरी चौराहे से धर दबोचा। मौके से आरोपी के तीन साथी स्कार्पियो गाड़ी लेकर फरार हो गये। इस दौरान पकड़े गये आरोपी ने पुलिस वालों से भी हाथापाई की। अब पुलिस आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में लगी है।
इंस्पेक्टर तालकटोरा धनंजय सिंह ने बताया कि बीती रात पुलिस टीम को सूचना मिली कि मीना बेकरी के पास एक काले रंग की बिना नम्बर की स्कार्पियो सवार चार युवक बीच सड़क पर शराब के नशे में हुड़दंग मचा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस की एक टीम फौरन मौके पर पहुंच गयी। एक युवक के हाथ में असलहा भी था। पुलिस ने किसी तरह आरोपियों की घेराबंदी की तो मौके से स्कार्पियो सवार तीन युवक तो भाग निकले, लेकिन असलहा लिये हुए युवक को पुलिस ने किसी तरह घेर कर पकड़ लिया। इस दौरान पकड़े गये युवक ने पुलिस वालों से हाथापाई शुरू कर दी। किसी तरह पुलिस ने उसको काबू में किया और असलहो को अपने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर थाने ले आयी। पूछताछ की गयी तो पकड़े गये आरोपी ने अपना नाम काकोरी निवासी श्रवण यादव बताया। उसने बताया कि उसके साथ मौजूद लोगों में वह सिर्फ तालकटोरा निवासी गोलू उर्फ अभिषेक का नाम जानता है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी श्रवण के खिलाफ आम्र्स एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर तालकटोरा ने बताया कि आरोपी श्रवण की काकोरी इलाके में मौरंग बालू की दुकान है। अब पुलिस उसके साथ मौजूद गोलू और उसके दो अन्य साथियों की तलाश में लगी है।
No comments