मंदिर के पुजारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कोर्ट के आदेश पर वजीरगंज पुलिस ने लिखी एफआईआर
HTN Live
मंदिर के कुंए में गिरने से हुई थी प्लम्बर की मौत
प्लम्बर की पत्नी ने दर्ज करायी रिपोर्ट
लखनऊ, 2 मार्च।
वजीरगंज इलाके मेें जुलाई माह मंदिर के कुंए की सफाई के दौरान हुई अनिल कश्यप की मौत के मामले में उसकी पत्नी ने मंदिर के पुजारी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी है। पीडि़त की एफआईआर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दर्ज की है।
चौक के राजाबाजार इलाके में प्लम्बर अनिल कश्यप अपने परिवार संग रहता था। उसकी पत्नी लक्ष्मी कश्यप का कहना है कि बीते 12 जुलाई को उसका पति यह बता कर गया था कि आगामीर चौकी के पास
मंगलेश्वर मंदिर के पुजारी राकेश पाण्डेय ने काम के लिए बुलाया है। अनिल के साथ उसका एक रिश्तेदार मोहित भी गया था। मंदिर पहुंचने पर पुजारी ने दोनों को मंदिर परिसर में बने कुंए की सफाई के लिए कहा। इस पर मोहित ने इनकार कर दिया। आरोप है कि पुजारी ने दोनों को कुंए में उतरकर सफाई का दबाव डाला। पुजारी के दबाव में आकर अनिल कुंए में उतार पर गंदगी और गैस होने की वजह से कुछ ही मिनटों में बाहर आ गया। अनिल की पत्नी का कहना है कि इसके बाद उसने पति ने कुंए में अंदर जाने से साफ इनकार कर दिया। अनिल के इनकार पर पुजारी भड़क उठा और अनिल को कुंए में धक्का दे दिया। कुंए में गिरने की वजह से कुछ ही देर में अनिल की मौत हो गयी। वहीं घटना के बाद पुजारी वहां से खिसक लिया। अनिल के साथ मौजूद मोहित ने मदद के लिए शोर मचाया। सूचना पाकर मौके पर वजीरगंज पुलिस भी पहुंची। अनिल को कुंए से बाहर निकाला गया और बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अनिल की मौत के बाद उसकी पत्नी ने 2 अगस्त को वजीरगंज पुलिस और एसएसपी को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए शिकायत पत्र भेजा पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके बाद अनिल की पत्नी ने कोर्ट की शरण ली। अब इस मामले में कोर्ट के आदेश पर मंदिर के पुजारी राकेश पाण्डेय के खिलाफ वजीरगंज पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
No comments