Breaking News

वरिष्ठ टीवी पत्रकार जमाल अहदम ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की

HTN Live


श्री जमाल के कांग्रेस में शामिल होने से लखनऊ में कांग्रेस को मजबूती मिली : राज बब्बर 

साम्प्रदायिक सद्भाव को कायम रखने में कांग्रेस ही सक्षम : जमाल अहमद 

लखनऊ। वरिष्ठ टीवी पत्रकार जमाल अहमद ने आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष निर्मल खत्री की उपस्थिति में श्री जमाल अहमद को पार्टी की सदस्यता संगठन मंत्री शिव पाण्डेय ने दिलायी। गौरतलब है कि श्री जमाल अहमद का पुराना कांग्रेसी पृष्ठभूमि रहा है। श्री अहमद के पिता रिटायर्ड आईपीएस प्रो. मंजूर कांग्रेस के टिकट पर लखनऊ से मेयर का चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने वर्तमान उपमुख्यमंत्री डाॅ. दिनेश शर्मा के खिलाफ मेयर का चुनाव लड़कर मामूली मतों से चुनाव हारा था। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने कहा कि श्री जमाल के कांग्रेस में आधिकारिक रूप से शामिल होने से लखनऊ में कांग्रेस को मजबूती मिली है। उन्होंने यह उम्मीद जतायी कि आने वाले लोकसभा चुनाव और उसके बाद भी श्री जमाल कांग्रेस में सक्रिय रूप से कांग्रेस को मजबूती प्रदान करते रहेंगे। 


कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत श्री जमाल ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश भर में साम्प्रदायिक सद्भाव को कायम रख सकती है। वर्तमान समय में जातिवाद, भेदभाव और साम्प्रदायिक बैमनस्यता की भावना कुछ राजनीतिक दल अपने तुच्छ स्वार्थो की वजह से बढ़ा रहे हैं। ऐसे माहौल और ऐसे तत्वों से निजात दिलाने की क्षमता केवल कांग्रेस पार्टी में ही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद अब तक देश में केवल कांग्रेस ने सभी को जोड़कर बेहतर प्रशासन दिया है। अन्य दलों ने केवल आम जनता के साथ जुमलेबाजी ही की है। श्री जमाल ने कहा कि वे कांग्रेस के साथ सक्रिय रूप से जुड़कर पार्टी की तरफ से जो भी कार्य दिया जायेगा, दिल लगा कार्य करेंगे। उनका सपना फिर से कांग्रेस को देश और प्रदेश की राजनीति में पहली पंक्ति में खड़ा करना है। श्री जमाल के कांग्रेस में शामिल होने पर श्रीष शुक्ला, बिलाल खान, तारिक अहमद, योगेन्द्र पाण्डेय आदि ने प्रसन्नता व्यक्त की।

No comments